8 मई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

School Holidays: प्रचंड गर्मी के चलते बच्चों को राहत, राजस्थान से दिल्ली-यूपी तक स्कूलों में लंबी छुट्टियों का एलान

Heatwave School Holidays 2026: देशभर में इन दिनों प्रचंड गर्मी का कहर देखने को मिल रहा है। इसी बीच कई राज्यों में स्कूलों में छुट्टियों का एलान किया जा चुका है।

3 min read
Google source verification

भारत

image

Himanshu Soni

May 08, 2026

Heatwave School Holidays 2026

Heatwave School Holidays 2026 (सोर्स- एक्स)

Heatwave School Holidays 2026: देशभर में लगातार बढ़ती गर्मी और हीटवेव ने आम लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। मई की शुरुआत से ही कई राज्यों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। ऐसे में सबसे ज्यादा चिंता स्कूली बच्चों की सेहत को लेकर बढ़ी हुई है। इसी को ध्यान में रखते हुए कई राज्य सरकारों ने स्कूलों में गर्मी की छुट्टियों का ऐलान कर दिया है। कहीं स्कूलों का समय बदल दिया गया है तो कहीं 40 से 50 दिनों तक की छुट्टियां घोषित कर दी गई हैं।

दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार, हरियाणा, पंजाब और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में अलग-अलग तारीखों से स्कूल बंद किए जा रहे हैं। हालांकि मौसम में कुछ दिनों से हल्की राहत जरूर देखने को मिली है, लेकिन मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में गर्मी फिर से लोगों को परेशान कर सकती है। इसी वजह से अभिभावक और छात्र छुट्टियों की तारीखों को लेकर लगातार जानकारी जुटा रहे हैं।

दिल्ली में लगभग 50 दिन बंद रहेंगे स्कूल

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अप्रैल के आखिर से ही तेज गर्मी का असर देखने को मिला था। कई इलाकों में तापमान 40 डिग्री के ऊपर दर्ज किया गया। ऐसे में शिक्षा निदेशालय ने सभी सरकारी और निजी स्कूलों के लिए गर्मी की छुट्टियों का ऐलान कर दिया है। राजधानी में 11 मई से 30 जून 2026 तक स्कूल बंद रहेंगे। इसके बाद 1 जुलाई से दोबारा कक्षाएं शुरू होंगी। यानी बच्चों को करीब 50 दिनों का लंबा अवकाश मिलने जा रहा है।

उत्तर प्रदेश में मई के तीसरे हफ्ते से छुट्टियां

उत्तर प्रदेश में भी भीषण गर्मी को देखते हुए स्कूलों के लिए अवकाश तय किया गया है। बेसिक शिक्षा परिषद के कैलेंडर के मुताबिक सरकारी प्राइमरी और जूनियर स्कूल 20 मई से 15 जून तक बंद रहेंगे। वहीं कई निजी स्कूल 15 मई के आसपास ही छुट्टियां शुरू कर सकते हैं। अगर तापमान में और बढ़ोतरी होती है तो जिला प्रशासन छुट्टियों की तारीख आगे बढ़ाने का फैसला भी ले सकता है।

राजस्थान में बदला स्कूल टाइम, छुट्टियों का ऐलान

राजस्थान में इस बार गर्मी ने अप्रैल से ही अपना असर दिखाना शुरू कर दिया था। कई जिलों में दोपहर के समय लू जैसे हालात बन गए। इसे देखते हुए शिक्षा विभाग ने 17 मई से 20 जून 2026 तक गर्मी की छुट्टियां घोषित की हैं। कई जिलों में पहले ही स्कूलों का समय सुबह कर दिया गया है ताकि बच्चों को तेज धूप से बचाया जा सके।

बिहार और हरियाणा में भी बंद रहेंगे स्कूल

बिहार में जून की शुरुआत से गर्मी की छुट्टियां लागू होंगी। राज्य शिक्षा विभाग के कैलेंडर के अनुसार 1 जून से 20 जून तक स्कूल बंद रहने की संभावना है। वहीं हरियाणा में भी 1 जून से 30 जून तक अवकाश रहने की उम्मीद जताई जा रही है। हालांकि मौसम की स्थिति को देखते हुए छुट्टियों की अवधि बढ़ाई भी जा सकती है।

पश्चिम बंगाल और पंजाब में पहले ही शुरू हो चुकी तैयारी

पश्चिम बंगाल सरकार ने पहाड़ी क्षेत्रों को छोड़कर लगभग सभी जिलों में गर्मी की छुट्टियों की घोषणा कर दी है। दार्जिलिंग और कालिम्पोंग जैसे इलाकों में मौसम अपेाकृत ठंडा होने की वजह से अलग व्यवस्था रखी गई है। पंजाब में भी चरणबद्ध तरीके से मई और जून के दौरान स्कूल बंद रखने की योजना बनाई गई है।

बच्चों की सेहत को लेकर बढ़ी चिंता

विशेषज्ञों का कहना है कि तेज गर्मी में बच्चों को डिहाइड्रेशन, थकान और हीट स्ट्रोक जैसी समस्याओं का खतरा बढ़ जाता है। इसी वजह से राज्य सरकारें एहतियात बरत रही हैं। कई स्कूलों में सुबह की शिफ्ट लागू कर दी गई है, जबकि कुछ जगहों पर ऑनलाइन क्लासेस पर भी विचार किया जा रहा है।

अभिभावकों को सलाह दी जा रही है कि वो बच्चों को धूप में बाहर निकलने से बचाएं, ज्यादा पानी पिलाएं और स्कूल से जुड़ी हर नई सूचना पर नजर बनाए रखें। क्योंकि मौसम की स्थिति के अनुसार छुट्टियों की तारीखों में बदलाव संभव है।