
Anand Kumar
निर्धन बच्चों को भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान की प्रवेश परीक्षा की नि:शुल्क तैयारी करवाकर IIT तक पहुंचाने वाले Super 30 के संस्थापक गणितज्ञ आनंद कुमार अब स्कूल के विद्यार्थियों को गणित के सवालों को सरल तरीके से हल करना सिखाएंगें। बलीवुड स्टार ऋतिक रोशन अभिनीत अपने बायोपिक 'सुपर 30' के लिए चर्चित आनंद कुमार तीन दिसंबर को 'यूनाइटेड ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन' द्वारा ग्रेटर नेाएडा में आयोजित एक सेमिनार में हजारों विद्यार्थियों से रू-ब-रू होंगे। इसकी जानकारी देते हुए 'यूनाइटेड ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन' की सीईओ मोना गुलाटी ने बुधवार को बताया कि इस सेमिनार में 100 से भी अधिक विद्यालयों से विद्यार्थी भाग लेंगे।
आनंद से यहां भेंट करने पहुंची गुलाटी ने बताया कि आनंद ने समाज की प्रतिकूल परिस्तिथियों से संघर्ष करते हुए भारत में निर्धन परिवार से आने वाले सैकड़ों बच्चों को अब तक न सिर्फ इंजीनियर बनाया है बल्कि वे उन तमाम लोगों के लिए अब प्रेरणास्रोत बन चुके हैं, जो अभाव के बावजूद जीवन में कुछ बड़ा करना चाहते हैं। उन्होंने कहा, अब आनंद देश में गणित को छात्रों के बीच लोकप्रिय बनाने के लिए कुछ नए प्रयोग करना चाहते हैं, जिसकी शुरुआत वे इस सेमिनार से करेंगे।
उन्होंने बताया कि इस सेमिनार में छात्र नि:शुल्क प्रवेश पा सकेंगे। गुलाटी ने कहा कि इस सेमिनार में आनंद छात्रों को कुछ ऐसे टिप्स देंगे तथा गणित को व्यवहारिक जीवन से जोड़कर पढऩे के तरीके बताएंगे, जिससे न सिर्फ गणित में छात्रों की रूचि जागृत होगी बल्कि वे गणित के चुनौतीपूर्ण सवालों को हल करने में भी सक्षम हो सकेंगे।
Published on:
28 Nov 2018, 5:34 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.