
अपर्णा यादव के बदले सुर कहा, हर मोर्चे पर भाजपा सरकार फेल अखिलेश भैया को प्रचंड बहुमत दिलाएं
अमेठी. अभी तक भाजपा, पीएम नरेंद्र मोदी, सीएम योगी आदित्यनाथ की जमकर तारीफ करने वाली मुलायम सिंह यादव की छोटी बहू अपर्णा यादव के सुर अचानक बदल गए। भाजपा पर निशाना साधते हुए अपर्णा यादव ने कहाकि, भाजपा सरकार महंगाई, कानून व्यवस्था, कोरोना महामारी और कृषि कानून सहित हर मोर्चे पर पूरी तरह से फेल साबित हुई है। आगामी विधानसभा चुनाव में जनता इसका जवाब देगी। इस बदले सुर की वजह से राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गईं। और नेताओं और जनता को लगने लगा है कि परिवार में जल्दी ही एकता दिखाई देगी।
अब भाजपा सरकार से ऊब चुकी है जनता :- अमेठी के तिलोई विधानसभा क्षेत्र में रविवार को सभा करते हुए अपर्णा यादव ने कहाकि,विधानसभा चुनाव 2022 में 'अखिलेश भैया' को प्रचंड बहुमत दिलाएं। मलिक मोहम्मद जायसी शोध संस्थान में सभा को संबोधित करते हुए अपर्णा यादव ने कहा कि, यह चुनाव का समय है, इसलिए वह चुनावी बातें ही करेंगी। वह बाबूजी मुलायम सिंह यादव के निर्देश पर सपा को मजबूत करने निकली हैं, क्योंकि जनता अब भाजपा सरकार से ऊब चुकी है। इस सरकार में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। कानून व्यवस्था चरमरा गई है। महंगाई बढ़ती जा रही है।
विकास की बाट जोह रही जायस :- अपर्णा यादव ने कहा कि, हमने तिलोई विधानसभा क्षेत्र में देखा कि सड़कें बदहाल हैं। स्वास्थ्य व शिक्षा व्यवस्था ध्वस्त है। सूफी संत जायसी की धरती भी विकास की बाट जोह रही है। सपा सरकार बनते ही तिलोई विधानसभा क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता मिलेगी।
जनता चाहती है हम यहां से चुनाव लड़ें :- तिलोई विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने के सवाल पर अपर्णा यादव ने कहा कि, जनता चाहती है कि हम यहां से चुनाव लड़ें, लेकिन सपा हाईकमान अखिलेश भैया जैसा आदेश देंगे वही करूंगी। बंगाल में जिस तरह ममता दीदी को प्रचंड बहुमत मिला है, उसी तरह जनता यूपी विधानसभा चुनाव में अखिलेश भैया को भी प्रचंड बहुमत दिलाएगी।
अहोरवा भवानी मंदिर को चढ़ाई चुनरी :- अपर्णा यादव के दौरे से चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया। लोग अपने-अपने ढंग से सियासी कयास लगाने में जुटे रहे। अपर्णा ने अहोरवा भवानी मंदिर की पूजा अर्चना कर चुनरी चढ़ाई। इसके पश्चात वे पार्टी कार्यकर्ता राहुल अवस्थी के घर जाकर परिवार के लोगों से मुलाकात की।
Published on:
06 Dec 2021 07:52 am
बड़ी खबरें
View Allचुनाव
ट्रेंडिंग
