
Barabanki Sadar Seat Assembly Seat Congress Candidate Ruhi Arshad
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव चौथे और पांचवें चरण की तैयारी में है। इन तैयारियों के बीच कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने यूपी में 'लड़की हूं, लड़ सकती हूं' के नारे को धार दी है। इस नारे को बुलंद करते हुए और महिलाओं को 40 फीसदी टिकट देने के वादे पर अमल करते हुए कांग्रेस ने इस बार मैदान में ज्यादा पढ़ी लिखी और तेज तर्रार महिलाओं को उतारा है। इसी क्रम में बाराबंकी सदर सीट से एयरलाइंस की लाखों रुपयों की नौकरी छोड़ रुही अरशद चुनावी मैदान में हैं। रूही अरशद मूलरूप से नैनीताल की रहने वाली हैं। बाराबंकी सदर सीट से चुनावी मैदान में हैं। उनके चुनाव प्रचार का तरीका भी अलग है। सिर पर पल्लू लेकर नर्म लहजे के साथ रुही सुबह 8 बजे से चुनाव प्रचार का आगाज कर देती हैं। यही नहीं बल्कि क्षेत्रीय भाषा के साथ हिंदी, इंग्लिश और उर्दू में भी लोगों से बात करती हैं। इसी अंदाज की वजह से वह क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हैं।
कौन हैं रुही अरशद
मूलरूप से नैनिताल की रहने वाली रूही अरशद की पढ़ाई लखनऊ से हुई है। इंग्लिश लिटरेचर एंड इकोनॉमिक्स से ग्रेजुएशन के साथ ही उन्होंने इंटरनेशनल एयरलाइंस एंड टूरिज्म में डिप्लोमा किया है। उन्हें 17 लाख की सालाना की जेट एयरवेज से नौकरी का ऑफर मिला था। लेकिन उन्होंने चुनाव के लिए यह नौकरी छोड़ दी। उनके पति इकबाल बिजनसमैन हैं। रूही घर संभालने के साथ-साथ पति के बिजनेस में उनका हाथ भी बंटाती हैं।
जनता की सेवा का बना लिया मन- रूही अरशद
सदर सीट से कांग्रेस प्रत्याशी रूही अरशद का कहना है कि प्रियंका गांधी के लड़की हूं, लड़ सकती हूं नारे को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि 'पूरी ताकत के साथ विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं और उम्मीद है कि अच्छे वोटों से जीतेंगे। जनता ने जिसे अपना प्रतिनिधि चुना है, उसने सिर्फ अपना विकास किया है। सदर क्षेत्र के गांव की सड़कें खराब है, रोजगार के साथ उपलब्ध नहीं है। मैं जीतने के बाद सबसे पहले अच्छी सड़कें, शिक्षा और रोजगार के साधन उपलब्ध करावऊंगी।'
बाराबंकी का चुनावी समीकरण
बाराबंकी सदर सीट की आबादी चार लाख है। इस विधानसभा सीट पर कभी कांग्रेस तो कभी सपा का दबदबा रहता है। भाजपा का खाता यहां न के बराबर ही खुला। ये सीट मुस्लिम-दलित-यादव बाहुल्य है। कहा जाता है कि मुस्लिम-यादव जिधर जाता है, वही इस सीट से विधायक बनता है। इस बार सपा ने धर्मराज उर्फ सुरेश यादव को अपना प्रत्याशी बनाया है। बसपा ने डॉ. विवेक वर्मा, भाजपा ने शिक्षिका डॉ. राम कुमारी वर्मा को मैदान में उतारा है।
Updated on:
22 Feb 2022 04:13 pm
Published on:
22 Feb 2022 03:36 pm
बड़ी खबरें
View Allचुनाव
ट्रेंडिंग
