
UP Assembly Elections 2022 BJP Special Plan Ticket Distribution
लखनऊ. UP Assembly Elections 2022 : उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए आदर्श आचार संहिता लगने के बाद भारतीय जनता पार्टी ने अपनी रणनीति पर बदलाव किया है। चुनाव आयोग के निर्देश के तहत अब भाजपा 11 जनवरी मंगलवार से पूरे प्रदेश में जनसंपर्क अभियान शुरू करेगी। यूपी बीजेपी के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने बताया कि इस अभियान के तहत पार्टी के नेता और कार्यकर्ता कोरोना प्रोटोकॉल पालन करते हुए घर-घर जाएंगे। उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा किसानों, श्रमिकों, महिलाओं, युवाओं के लिए किए गए कार्यों की जानकारी घर-घर जाकर जनता को दी जायेगी।
1.74 लाख बूथों पर घर-घर जाएंगे कार्यकर्ता
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि मंगलवार 11 जनवरी को शुरू होने वाले भाजपा के इस जनसंपर्क अभियान के तहत पार्टी कार्यकर्ता और नेता राज्य के 1,74,000 बूथों पर घर -घर जाएंगे। पांच-पांच व्यक्तियों का समूह बनाकर भाजपा कार्यकर्ता सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में जन संपर्क अभियान चलाएंगे।
केंद्र-प्रदेश सरकार की बतायेंगे उपलब्धियां
पार्टी द्वारा वोटर लिस्ट के पन्ना स्तर तक लोगों से संपर्क का कार्यक्रम पार्टी द्वारा बनाया गया है। स्वतंत्र देव सिंह ने बताया कि सरकार की उपलब्धियों को लोगों को बताने के लिए संपर्क टोली लोगों को सरकार की उपलब्धियों को बताने वाले पैम्पलेट पूरी हुई हर आस, घर-घर हुआ विकास भी देंगे।
सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में बनाई गई टोलियां
उन्होंने बताया कि अभियान के तहत तीन श्रेणियों में कार्यकर्ता प्रवास करेंगे। इसमें महिला संपर्क, सामाजिक संपर्क और लाभार्थी संपर्क शामिल हैं। सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों के अनुरूप टोलियां बनाई गई हैं। सभी टोलियों में चुनाव आयोग के निर्देशों के तहत अधिकतम 5 कार्यकर्ता शामिल किए गए हैं। संपर्क के क्रम में सभी टोलियों के लोग कोविड व्यवहार का पालन करेंगे। लोगों को मास्क और सैनिटाइजर का वितरण भी कार्यकर्ता करेंगे। इसके अतिरिक्त संपर्क टोली लोगों के घरों में भाजपा के स्टीकर और झंडे भी लगाने का आग्रह करेगी।
साढ़े तीन करोड़ लाभार्थियों से करेंगे संपर्क
जनसंपर्क अभियान के तहत साढ़े तीन करोड़ लाभार्थियों से विशेष तौर पर सम्पर्क की योजना बनाई गई है। उन्होंने बताया कि, मकर संक्रांति के बाद सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में एलईडी रथ भाजपा सरकार की योजनाओं और गरीब कल्याण की योजनाओं, कानून व्यवस्था में सुधार, गुण्डाराज और माफियाराज की समाप्ति, महिलाओं-बेटियों की सुरक्षा के लिए किए गए कार्यों, गरीब, वंचित कल्याण की योजनाओं के बारे में जानकारी देकर लोगों को भाजपा के पक्ष में वोट डालने की अपील करेंगे। सभी सांसद, विधायक, मंत्री, सभी जनप्रतिनिधि और पार्टी के पदाधिकारी इस जनसंपर्क अभियान का हिस्सा बनेंगे।
Published on:
10 Jan 2022 08:02 pm
बड़ी खबरें
View Allचुनाव
ट्रेंडिंग
