
Gujrat Elections 2022 : वेरावल रैली में PM मोदी का जनता से वादा बोले, अपने सारे काम का देंगे हिसाब
गुजरात विधानसभा चुनाव में गर्मी पूरे शबाब पर आ गई है। कांग्रेस, आम आदमी और भाजपा गुजरात की सत्ता पाने के लिए कोई कोर कसर नहीं छोड़ना चाह रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन दिन के गुजरात दौरे पर हैं। आज 20 नवम्बर को पीएम नरेंद्र मोदी का दूसरा दिन है। पीएम मोदी ने आज सोमनाथ मंदिर के दर्शन, पूजा-अर्चना के बाद सबसे पहले वेरावल में जनसभा की। वेरावल जनसभा में पीएम मोदी ने सौराष्ट्र की जनता से अपील की कि, आपको भाजपा को जिताना है। मैं चाहता हूं कि नरेंद्र के सारे रिकॉर्ड भूपेंद्र तोड़ें। गुजरात विकास की नई ऊंचाई पर पहुंचेगा। मोदी ने जनता से वादा किया कि, वो अपने सारे काम का हिसाब जनता को देंगे।
भाजपा को जिताएं गुजरात के मतदाता
गुजरात विधानसभा चुनाव 2022 के प्रचार के लिए वेरावल जनसभा में मोदी ने जनता से कहाकि, इस बार रिकॉर्ड तोड़ना है। लोकतंत्र के पर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना है। सुशासन से गुजरात नई ऊंचाई पर पहुंचा। आपको बीजेपी को जिताना है।
भाजपा ने कच्छ के मरुस्थल को बदला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि, सौराष्ट्र में यह मेरी पहली रैली है और वह भी सोमनाथ दादा की पावन भूमि पर। कच्छ का मरुस्थल हमारे लिए समस्या लगता था। हमने कच्छ के इस मरुस्थल को बदलकर ‘गुजरात का तोरण’ बना दिया।
सौराष्ट्र में चार जगह करेंगे रैली
पीएम नरेन्द्र मोदी आज रविवार 20 नवम्बर को गुजरात दौरे के दूसरे दिन सौराष्ट्र क्षेत्र में चार रैलियां करेंगे। पहले वेरावल, धोराजी, अमरेली और अंत में बोटाद में रैलियां करेंगे। गृहमंत्री अमित शाह रविवार को तापी और नर्मदा जिले में रैलियां करेंगे।
8 दिसंबर को गुजरात चुनाव मतगणना
गुजरात में 1 और 5 दिसंबर को दो चरणों में विधानसभा चुनाव होंगे। वोटों की गिनती 8 दिसंबर को होगी।
Updated on:
20 Nov 2022, 12:58 PM IST
Published on:
20 Nov 2022, 12:56 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.