
UP Assembly Election 2022: पूरे प्रदेश में गुजरेगी भाजपा की जन विश्वास यात्रा, इस तरह हो रही तैयारी
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
कानपुर. UP Assembly Election 2022 यूपी में होने वाले विधानसभा चुनाव 2022 को लेकर सपा व कांग्रेस सहित पार्टियों ने यात्रा निकाली। वहीं अब सत्ता को बरकरार रखने के लिए लोगों के जेहन में अपनी पैठ बनाने को भाजपा भी जान विश्वास यात्रा निकालेगी। यह यात्रा पूरे प्रदेश में निकाली जाएगी। इसके तहत छह क्षेत्रों के लिए अलग-अलग यात्रा के रथ और टीम तैयार की गई है। यात्राओं का शुभारंभ 19 दिसंबर से होगी। जबकि काशी क्षेत्र की 20 दिसंबर से प्रारंभ होगी। कानपुर-बुंदेलखंड की यात्रा झांसी के किला मैदान परिसर से शुरू होगी और समापन कानपुर में होगा।
बड़े नेताओं से होगा जन विश्वास रथ यात्रा का शुभारंभ
बताया गया कि इन सभी यात्राओं की शुरुआत पार्टी के किसी बड़े नेता के माध्यम से होगी। जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित अन्य बड़े नेताओं का नाम शामिल है। एक या दो दिन में इन यात्राओं को झंडी दिखाने वालों के नाम तय होंगे। यूपी के कानपुर बुंदेलखंड सहित 403 विधानसभा सीटों में ये 15 दिवसीय यात्राएं जाएंगी। यात्राओं का समापन दो जनवरी को समाप्त होगी। यात्रा की शुरुवात और समापन में जनसभा भी होगी। पूरी यात्रा के दौरान विधानसभा क्षेत्रों में प्रत्येक जातियों के बीच संपर्क और बैठकें की जाएंगी।
यात्रा समापन के बाद लखनऊ में होगा महा समागम
वहीं 2 जनवरी को भाजपा की जन विश्वास यात्रा के समापन के बाद प्रदेश के सभी क्षेत्राें की रथ यात्राएं 10 जनवरी को लखनऊ पहुंचेंगी। जहां सभी का महा समागम होगा। इस अवसर पर होने वाली रैली को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संबोधित करेंगे। रथ रूपी बस भगवा रंग में सराबोर होगी और पूरी तरह से वातानुकूलित होगा। रथ में 30 लोग सवार हो सकेंगे।इस रथ के साथ 10 बड़ी कारों में यात्रा से जुड़े व्यवस्थापक भी चलेंगे। यात्रा जिस बड़े शहर में प्रवेश करेंगी, वहां पर पार्टी का कोई बड़ा नेता उसे आगे के लिए झंडी दिखाएगा।
Published on:
14 Dec 2021, 4:18 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.