
लगातार सभाएं-दौरे: और बढ़ेंगी जनसभाएं, नेताओं की रफ्तार विधानसभा चुनाव के लिए मतदान में छह और रैलियों-सभाओं के लिए आज शनिवार सहित पांच दिन बचे हैं। यूं कहें कि कुछ ही घंटे से भी कम समय बचा है। इसके बाद डोर-टू-डोर जनसंपर्क होगा। ऐसे में नेताओं के दौरे बढ़ गए हैं। दलों ने पूरी ताकत झोंक दी है। अंतिम दौर के प्रचार में भाजपा से पीएम नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की करीब १२ सभाएं होनी हैं। कांग्रेस की ओर से राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, आम आदमी पार्टी से से सीएम अरविंद केजरीवाल, सीएम भगवंत मान, सपा से अखिलेश यादव की सभाएं भी प्रस्तावित हैं।
कांग्रेस नेता गजनी हैं, जो वादा कर भूल जाते हैं: फडणवीस
इंदौर. महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और कमलनाथ को गजनी करार दिया। फडणवीस ने कहा, ये बहुत होशियार हैं, गजनी फिल्म के गजनी जैसे। इन्हें भी भूलने की बीमारी है। आज वादा करते हैं, कल याद ही नहीं रहता है और रखते भी नहीं। ये जो रेवडिय़ां बांट रहे हैं, वह मिलने वाली नहीं है। शुक्रवार को इंदौर-3 में फडणवीस ने भाजपा प्रत्याशी गोलू शुक्ला को जीताने की अपील के साथ प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ की। वे बोले- प्रधानमंत्री के विकास का नया मॉडल है। फडणवीस ने कांग्रेस के आचार्य प्रमोद के बयान पर कहा कि कांग्रेस के लिए बेचारे एक मात्र संत थे, जो लड़ते थे। आज उन्होंने कह दिया कि कांग्रेस के अंदर केवल राम जन्मभूमि का विरोध नहीं है, राम का विरोध है। हिंदुत्व का विरोध नहीं, हिंदू का विरोध है। हम तो उन्हें पहले ही समझाते थे, लेकिन वे मानते नहीं थे। हमारा कहना है, जो राम के नहीं हैं, वे काम के नहीं हैं।
भाजपा में योग्य चेहरा नहीं, सांसद-मंत्रियों को उतारा: राज
ग्वालियर. कांग्रेस नेता व अभिनेता राज बब्बर ने सिंधिया पर निशाना साधते हुए कहा कि अब महल जनता का है। जनता को इसमें घूमने मिलेगा और चाट खाने के बाद दौने भी वहीं फेंककर आएंगे। यह समय जल्द आने वाला है, क्योंकि प्रदेश में कमलनाथ की सरकार बन रही है। बब्बर ने यह बात शुक्रवार को कही। बब्बर ने कहा- ग्वालियर चंबल में अटरिया नीचे नहीं उतरते हैं, लेकिन इनकी जमीन खिसक चुकी है। प्रदेश में भाजपा की 18 साल की सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मैं मुरैना में एक जगह जा रहा था। मैंने देखा कि भाजपा सरकार वहां पुलिया भी नहीं बना सकी है। इन्होंने विकास नहीं किया इसलिए प्रधानमंत्री के नाम पर चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने अपने मंत्री व सांसदों को मैदान में उतारा है। ये सांसद किसी के नहीं है। शिवराज सिंह को उनकी पार्टी ने चेहरा न बना कर हटा दिया था। इस बार भी वे चेहरा नहीं है।
कर्जमाफी के नाम पर किसानों के साथ छल किया: सिंधिया
उज्जैन। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कायथा में कहा, 15 महीने की कांग्रेस सरकार ने कर्ज माफी के नाम पर अन्नदाता के साथ छलावा किया। ऐसे छल करने वाली सरकार को सत्ता में बने रहने का कोई अधिकार नहीं इसलिए मैंने सरकार को गिराया। इस दौरान सिंधिया ने बाबा ओंकारेश्वर महादेव के जयकारे लगाए। सिंधिया ने कहा, दो भाइयों की जोड़ी ने मनमानी करना प्रारंभ कर दिया था। सिंधिया जिससे हारे, उसी की पार्टी में घुटने टेके: दिग्विजय शिवपुरी. हमें क्या पता था कि आपके क्षेत्र का विधायक बिक जाएगा। हमें क्या पता था कि हमने सिंधिया को इतना सब कुछ दिया, वो हमें छोड़कर चले जाएंगे। हमें क्या पता था कि वो उस पार्टी में चले जाएंगे, जिसने उन्हें हरा दिया। जिसने उन्हें हराया उन्होंने उस पार्टी के सामने घुटने टेक दिए। यह बहादुरी नहीं कायरता होती है। यह बात शुक्रवार को राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह ने नरवर में सभा को संबोधित करते हुए कही।
चुनाव आया तो बहनें लाड़ली हो गईं, इससे पहले लाड़ली नहीं थीं
खंडवा. शिवराज सिंह तो झूठ बोलने से बाज नहीं आएंगे, वो कहते हैं किसानों का कर्ज ही माफ नहीं हुआ। यह जब तक दिन में एक झूठ नहीं बोलते इनका खाना हजम नहीं होता। पांच माह पहले इन्हें माताएं और बहनें याद आई, लाड़ली बहनें, इससे पहले लाड़ली नहीं थीं, चुनाव आया तो यह लाड़ली बन गई। यह कहना है प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ का। वे शुक्रवार को सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा, मैं पूछता हूं शिवराज सिंहजी आपने दिया क्या। आज सबसे बड़ी चुनौती अपने नौजवानों का भविष्य।
देखते हैं कितनी भीड़ आती है...
खंडवा से पहले खालवा और पुनासा में कमलनाथ ने भाजपा पर निशाना साधा। खालवा में कमलनाथ की सभा को लेकर मंत्री विजय शाह ने पहले ही चुनौती दी थी कि आप जहां सभा करेंगे उसी के बाजू में मै सभा करूंगा। देखते हैं किसकी सभा में कितनी भीड़ आती है।
कांग्रेस का आरोप- चुनाव में गैरकानूनी तरीके इस्तेमाल कर रही भाजपा
भोपाल। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि भाजपा अपनी हार देख चुनाव में अनैतिक और गैरकानूनी तौर तरीकों का इस्तेमाल कर चुनाव प्रभावित करने की कोशिश कर रही है। भाजपा प्रत्याशी प्रचार में कहीं बच्चों का इस्तेमाल कर रहे हैं तो कहीं चुनाव खर्च का उचित ब्योरा प्रस्तुत नहीं कर रहे। आयोग से शिकायत की है कि मंदसौर जिले की सुवासरा सीट से भाजपा प्रत्याशी और मंत्री हरदीप सिंह डंग ने अपने चुनाव प्रचार के लिए बच्चों का इस्तेमाल किया है। जिसकी तस्वीर और वीडियो ढंग ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर डाला है। टीकमगढ़ विधानसभा सीट नंबर 43 से भाजपा प्रत्याशी राकेश गिरी अपने चुनाव खर्च का सही ब्यौरा प्रस्तुत नहीं किया है।
कांग्रेस ने शिकायत की है कि राकेश गिरी ने 8 नवम्बर को अपने फेसबुक प्रोफाइल पर एक हाई डेफिनेशन वीडियो प्रस्तुत किया है जो प्रोफेशनल तरीके से तैयार किया गया है जिसमें स्क्रिप्ट राइटर नॉरेटर कैमरामैन ड्रोन कैमरा ऑपरेटर वीडियो ऑपरेटर और साउंड रिकॉर्डिस्ट की सेवाएं भी ली गई है। इस वीडियो की निर्माण लागत लगभग 1 लाख रुपए बनती है जिसका ब्यौरा भाजपा प्रत्याशी राकेश गिरी ने प्रस्तुत नहीं किया है। उन्होंने 6 नवम्बर को एक अन्य वीडियो भी सोशल मीडिया पर डाला। इसकी भी लागत एक लाख रुपए अनुमानित है। कांग्रेस पार्टी ने चुनाव आयोग में उज्जैन जिले की तराना विधानसभा क्रमांक 214 से भाजपा प्रत्याशी ताराचंद गोयल के संबंध में भी आचार संहिता उल्ल्लंघन की शिकायत की है। इसी तरह विजय राघवगढ़ विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी संजय सत्येंद्र पाठक की शिकायत भी गई की है।
Updated on:
11 Nov 2023 08:06 am
Published on:
11 Nov 2023 07:58 am
बड़ी खबरें
View Allचुनाव
ट्रेंडिंग
