
Rajasthan Assembly Election 2023 : नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ ने कहा है कि मुयमंत्री अशोक गहलोत कितनी ही गारंटी दे दें, लेकिन भाजपा की गारंटी खुद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हैं। उनसे बड़ी गारंटी दुनिया में कोई नहीं है। इसलिए कहते हैं ‘मोदी है, तो मुमकिन है’। राजस्थान में भाजपा एक बार फिर सरकार बनाने जा रही है। कांग्रेस सरकार से जनता त्रस्त हो चुकी है। राजस्थान विधानसभा चुनाव से जुड़े कई मुद्दों पर अरविन्द सिंह शक्तावत ने राजेन्द्र राठौड़ से बात की। पेश हैं बातचीत के प्रमुख अंश:
Q चुनावी रणभेरी बज चुकी है, चंद दिनों में नामांकन और फिर मतदान, क्या माहौल लग रहा है आपको ?
-इस बार राजस्थान विधानसभा चुनाव मेें सत्तारूढ़ कांग्रेस पार्टी की सबसे शर्मनाक हार होगी। कानून व्यवस्था बद से बदतर हो चुकी है। भर्ती परीक्षा के पेपर लगातार लीक हो रहे हैं। किसानों की जमीनें नीलाम हो रही हैं। भ्रष्टाचार के कारण आम मतदाता कांग्रेस पार्टी से छिटक गया है। राजस्थान में इस बार भाजपा दो तिहाई बहुमत प्राप्त कर सरकार बनाएगी।
Q आप यही कहेंगे कि भाजपा की सरकार आ रही है, लेकिन जिस तरह भाजपा में झगडे़ हैं, कैसे दावा कर सकते हैं कि भाजपा की सरकार आ रही है?
-भाजपा कैडर बेस पार्टी है। भाजपा में छोटी-मोटी नाराजगी यदि हो भी जाती है तो उसको आपस में मिल बैठकर दूर कर लिया जाता है। वर्तमान में पार्टी में कोई गुट नहीं है। भाजपा का गुट कमल का फूल है। बगावत पर उतरे नेता यह मान चुके हैं। केन्द्र में भाजपा की सरकार की नीतियों व पीएम मोदी के नेतृत्व के कारण राजस्थान में डबल इंजन की सरकार जरूर बनेगी।
Q टिकट घोषणा के बाद करीब दो दर्जन विधानसभा क्षेत्रों में बगावत हुई है, आप लोग उसे कम भी नहीं कर पा रहे हैं?
-देखिए ऐसा नहीं है, भाजपा में टिकट वितरण के बाद करीब सात विधानसभा क्षेत्रों में बगावत देखने को मिली है। इन विधानसभा क्षेत्रों में कार्यकर्ता नाराज हुए हैं। नाराज कार्यकर्ता हमारे सम्पर्क में हैं। दो-चार दिन में सभी नाराज कार्यकर्ताओं को मना लिया जाएगा।
Q कई जगहों पर जातिगत समीकरण भी बदल दिए, यह प्रयोग कहीं उलटा न पड़ जाए?
-भाजपा अपने राजनीतिक निर्णय जातिगत आधार पर नहीं लेती। इसलिए जातिगत समीकरण का चुनाव में कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।
Q सांसदों को विधानसभा चुनाव में उम्मीदवार बनाने का भी जमकर विरोध हो रहा है, इस संबंध में आपकी क्या राय है?
-सांसदों को टिकट देने का निर्णय नेतृत्व ने सोच समझकर किया है। भाजपा में कार्यकर्ता का पद सबसे बड़ा पद होता है। वे पार्टी के लिए पूरी निष्ठा से काम करते हैं।
Q चुनाव में किन मुद्दों को लेकर कांग्रेस का विरोध करेंगे?
-किस्सा कुर्सी की सरकार, सपनों के सौदागर की सरकार, भ्रष्टाचार की भट्टी में जलता राजस्थान, तुष्टीकरण के कारण सांप्रदायिक तनाव, आर्थिक आपातकाल की स्थिति के कारण रुका हुआ विकास, जर्जर कानून-व्यवस्था के कारण आम आदमी में दहशत, पेपर लीक से युवा परेशान सहित कई मुद्दों पर चुनाव लड़ा जाएगा।
Q सीएम अशोक गहलोत कोई न कोई गारंटी दे रहे हैं, आपकी पार्टी क्या गारंटी देने वाली है?
-सरकार के वैधानिक कार्यकाल के दौरान सरकार की नीतियां और गारंटी फेल कार्ड की तरह हैं। भाजपा की गारंटी खुद पीएम नरेन्द्र मोदी हैं। पीएम के बारे में यही कहा जाता है कि ‘मोदी है,तो मुमकिन है’।
Q भाजपा ने सीएम फेस घोषित नहीं किया, ऐसे में कई नाम सीएम के चेहरे के लिए चलते हैं, आपका भी नाम सीएम फेस के लिए चलता है, क्या कहेंगे?
-पीएम नरेन्द्र मोदी का चेहरा दुनिया में सबसे लोकप्रिय है। इसलिए भाजपा चुनाव में चेहरा घोषित करे, यह जरूरी नहीं है। मेरे मन में कभी ऐसा विचार नहीं आया कि मैं किसी पद की रेस में रहूं।
Published on:
31 Oct 2023 10:23 am
बड़ी खबरें
View Allचुनाव
ट्रेंडिंग
PM नरेन्द्र मोदी
