चुनाव

UP Election 2022 : अखिलेश को फिर बड़ा झटका, सपा विधायक हाजी इकराम कुरैशी ने थामा कांग्रेस का दामन

UP Election 2022 : समाजवादी पार्टी के मुरादाबाद देहात विधानसभा से विधायक हाजी इकराम कुरैशी (SP MLA Hazi Ikram) ने अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) को झटका देते हुए कांग्रेस (Congress) का दामन थाम लिया है। उन्होंने मुरादाबाद देहात सीट से ही कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है। वह सपा से ही टिकट की मांग कर रहे थे, लेकिन अखिलेश यादव ने उनका टिकट काट दिया था।

2 min read
अखिलेश यादव

UP Election 2022 : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 से ऐन पहले सभी दलों में उठा-पटक का दौर जारी है। भाजपा के कई विधायक और मंत्री जहां सपा में शामिल हो चुके हैं। वहीं, अब समाजवादी पार्टी के मुरादाबाद देहात विधानसभा से विधायक हाजी इकराम कुरैशी (SP MLA Hazi Ikram) ने अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) को झटका देते हुए कांग्रेस (Congress) का दामन थाम लिया है। उन्होंने मुरादाबाद देहात सीट से ही कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है। वह सपा से ही टिकट की मांग कर रहे थे, लेकिन अखिलेश यादव ने उनका टिकट काट दिया था। जिसके बाद से सियासी गलियारों में उनके बागी होने की आशंका जाहिर की जा रही थी। बता दें कि टिकट कटने के बाद सपा छोड़ने वाले हाजी इकराम कुरैशी मुरादाबाद जिले से दूसरे विधायक हैं। इससे पहले विधायक हाजी रिजवान सपा छोड़कर बसपा में शामिल हो चुके हैं।

निवर्तमान विधायक हाजी इकराम कुरैशी ने खुद समाजवादी पार्टी छोड़कर कांग्रेस का हाथ थामने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि कांग्रसे के वरिष्ठ नेताओं से उनकी बात हो चुकी है। अब सिर्फ पार्टी से सिंबल मिलने का इंतजार है। उन्होंने कहा कि सिंबल आते ही वह आज या कल में अपना पर्चा दाखिल कर देंगे। हाजी इकराम कुरैशी समाजवादी पार्टी छोड़कर वरिष्ठ नेताओं पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा है कि मुलायम सिंह यादव के समय में वफादार लोगों की कद्र होती थी, लेकिन अब समाजवादी पार्टी में मुलायम सिंह यादव की नहीं चलती है। इस समय परिस्थितियां पूरी तरह से बदल चुकी हैं। पार्टी में चापलूस हावी हो गए हैं।

'सपा ने टिकट काटकर अच्छा नहीं किया'

विधायक हाजी इकराम कुरैशी यहीं नहीं रुके। उन्होंने आगे कहा कि समाजवादी पार्टी के लिए 28 साल तक उन्होंने खून पसीना बहाया है। पार्टी में जिलाध्यक्ष रहते हुए जमीनी स्तर पर सपा का जनाधार बढ़ाने के लिए काफी जी तोड़ मेहनत की है, लेकिन उनका टिकट काटकर अच्छा नहीं किया गया है।

'क्षेत्र की जनता चाहती है कि मैं चुनाव लड़ूं'

उन्होंने कहा कि मैंने क्षेत्र की जनता के बीच रहकर जमीनी स्तर पर काम करते हुए जनता का विश्वास जीता है। इसे किसी भी कीमत पर बर्बाद नहीं होने दूंगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता चाहती है कि मैं इस बार विधानसभा का चुनाव लड़ूं। इसलिए मैंने कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ने का फैसला किया है।

Published on:
27 Jan 2022 01:45 pm
Also Read
View All

अगली खबर