
देवोलीना भट्टाचार्जी का बाढ़ पर छलका दर्द (फोटो सोर्स- Instagram/ devoleenabhattacharjee)
Assam Flood 2026: असम में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने कई जिलों की स्थिति बेहद गंभीर बना दी है। शिवसागर, चराइदेव, जोरहाट और नजीरा समेत कई इलाकों में बाढ़ का पानी तेजी से फैल गया है। हालात इतने खराब हो चुके हैं कि कई गांव पूरी तरह जलमग्न हो गए हैं। इसी बीच टीवी अभिनेत्री देवोलीना भट्टाचार्जी ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा कर अपने परिवार और असम के लोगों की चिंता जाहिर की है। उन्होंने बताया कि उनकी मां अभी भी नजीरा में फंसी हुई हैं और वहां बिजली, पीने के पानी और जरूरी सुविधाओं का भारी संकट पैदा हो गया है।
'साथ निभाना साथिया' फेम अभिनेत्री देवोलीना भट्टाचार्जी असम से ताल्लुक रखती हैं। बाढ़ की भयावह तस्वीरों के बीच उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि उन्होंने अपनी जिंदगी में इतनी विनाशकारी बाढ़ पहले कभी नहीं देखी। उनके मुताबिक नजीरा, शिवसागर और आसपास के कई जिले लगभग पूरी तरह पानी में डूब चुके हैं।
अभिनेत्री ने बताया कि उनकी दादी और बुआ का घर भी बाढ़ के पानी में डूब गया है। पूरे गांव तबाह हो चुके हैं और कई परिवारों ने अपना सब कुछ खो दिया है। उन्होंने ये भी कहा कि बड़ी संख्या में गाय, भैंस, बकरियां और दूसरे बेजुबान जानवर भी बाढ़ की चपेट में आ गए हैं।
देवोलीना ने बताया कि उनकी मां अभी भी नजीरा में मौजूद हैं, जिसे लेकर वो लगातार चिंतित हैं। उन्होंने कहा कि इलाके में पिछले कई घंटों से बिजली नहीं है और लोगों को खाने-पीने के सामान तथा स्वच्छ पेयजल की भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अभिनेत्री ने सभी प्रभावित लोगों की सलामती की दुआ करते हुए उम्मीद जताई कि जल्द ही बाढ़ का पानी कम होगा और राहत कार्य तेजी से आगे बढ़ेंगे।
बढ़ते संकट को देखते हुए असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने बताया कि राज्य सरकार ने भारतीय सेना और भारतीय वायुसेना को जरूरत पड़ने पर राहत एवं बचाव अभियान के लिए तैयार रहने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि शिवसागर, चराइदेव और जोरहाट में हालात लगातार बिगड़ रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने अपने कई मंत्रियों को तुरंत प्रभावित इलाकों में पहुंचकर राहत कार्यों की निगरानी करने और प्रत्येक प्रभावित परिवार तक सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार चौबीसों घंटे हालात पर नजर बनाए हुए है और लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
राहत कार्य तेज करने की मांग
बाढ़ की भयावह तस्वीरें सोशल मीडिया पर लगातार सामने आ रही हैं। कई जगह सड़क संपर्क टूट चुका है, जबकि हजारों लोग सुरक्षित स्थानों पर पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं। स्थानीय प्रशासन और राहत एजेंसियां प्रभावित लोगों तक भोजन, दवाइयां और जरूरी सामान पहुंचाने में जुटी हैं। वहीं सोशल मीडिया पर भी लोग असम के लिए प्रार्थना करने और राहत कार्यों में तेजी लाने की अपील कर रहे हैं।
Updated on:
21 Jul 2026 02:12 pm
Published on:
21 Jul 2026 02:12 pm
