
Govinda In Lock Upp 2 (सोर्स- @netflix)
Govinda In Lock Upp 2: नेटफ्लिक्स के रियलिटी शो 'लॉकअप सच या सजा' में अब बॉलीवुड के 'हीरो नंबर 1' गोविंदा की धमाकेदार एंट्री होने जा रही है। शो के नए प्रोमो में गोविंदा अपने पुराने अंदाज में मस्ती और हाजिरजवाबी करते नजर आ रहे हैं। उनकी एंट्री ऐसे समय पर हुई है जब उनकी पत्नी सुनीता आहूजा शो में अपने रिश्ते और निजी जिंदगी को लेकर कई बड़े खुलासे कर चुकी हैं। ऐसे में दर्शकों की नजर अब गोविंदा के रिएक्शन पर टिकी हुई है।
शो के मेकर्स की ओर से जारी प्रोमो में होस्ट फराह खान और रितेश देशमुख गोविंदा का स्वागत करते हैं। बातचीत के दौरान गोविंदा अपने खास अंदाज में कहते हैं, 'अरे मैं जेब में गोली लेकर आया हूं… सीने पर मारना चाह रही थी, मार ले।' उनका यह मजाक सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
फैंस इस बयान को 2024 में हुई उस घटना से जोड़कर भी देख रहे हैं, जब गोविंदा के पैर में गलती से गोली लग गई थी और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था। हालांकि प्रोमो में अभिनेता पूरे समय हल्के-फुल्के अंदाज में नजर आते हैं।
गोविंदा की एंट्री इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि कुछ दिन पहले शो में उनकी पत्नी सुनीता आहूजा ने अपनी शादीशुदा जिंदगी को लेकर कई चौंकाने वाले बयान दिए थे। उन्होंने बातचीत के दौरान कहा था कि अगर उनके पति के कई अफेयर भी हों, तब भी वो उनके पति हैं और किसी दूसरे को उनके रिश्ते पर टिप्पणी करने का अधिकार नहीं है।
सुनीता ने ये भी स्वीकार किया था कि उनके रिश्ते में तीसरे व्यक्ति की एंट्री जैसी परिस्थितियां रही हैं। इन बयानों के बाद सोशल मीडिया पर गोविंदा और सुनीता के रिश्ते को लेकर फिर से बहस शुरू हो गई थी। हालांकि दोनों ने अलग होने की खबरों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
आने वाले एपिसोड में सिर्फ गोविंदा की एंट्री ही नहीं, बल्कि 'जजमेंट डे' भी देखने को मिलेगा। फराह खान और रितेश देशमुख कई कंटेस्टेंट्स से उनके व्यवहार को लेकर सवाल करेंगे।
आकांक्षा चौधरी से घर के अंदर आक्रामक रवैये और गुस्से में किए गए व्यवहार पर जवाब मांगा जाएगा। वहीं शिल्पा शिंदे से भी घर के अंदर हुए एक विवाद और खाने को लेकर हुई बहस पर सवाल किए जाएंगे। शो में जनता की ज्यूरी का फैसला भी सुनाया जाएगा, जिससे कई प्रतियोगियों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
हाल ही के एपिसोड में अभिनेता गौरव खन्ना भी स्पेशल गेस्ट के तौर पर लॉकअप हाउस में नजर आए। उनकी एंट्री उस समय हुई है जब उनकी पत्नी आकांक्षा चमोला ने शो में अपनी शादी और तलाक को लेकर खुलासा किया था। अब देखना दिलचस्प होगा गोविंदा और अपनी बेटी टीना को देखने के बाद सुनीता का क्या रिएक्शन होगा।
Updated on:
10 Jul 2026 09:09 am
Published on:
10 Jul 2026 09:09 am
