
Kapil Dinkar UP Police (सोर्स-@indiasgotlatent)
Kapil Dinkar UP Police: रियलिटी शो 'इंडियाज गॉट लेटेंट सीजन 2' का दूसरा एपिसोड आते ही सोशल मीडिया पर एक नया चेहरा चर्चा का विषय बन गया। ये चेहरा किसी फिल्मी दुनिया या कॉमेडी इंडस्ट्री से नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश पुलिस से जुड़ा है। यूपी पुलिस के कॉन्स्टेबल कपिल दिनकर ने अपनी शानदार गायकी, हाजिरजवाबी और बेबाक अंदाज से जजों के साथ-साथ दर्शकों का भी दिल जीत लिया। इतना ही नहीं, उन्होंने शो में कुल 1.5 लाख रुपये की इनामी राशि भी अपने नाम कर ली। आखिर कौन हैं कपिल दिनकर, चलिए जानते हैं।
कपिल दिनकर साल 2021 में उत्तर प्रदेश पुलिस में कांस्टेबल के पद पर भर्ती हुए थे। फिलहाल उनकी तैनाती मेरठ में है। शो के दौरान उन्होंने बताया कि पुलिस की नौकरी करना उनकी मां का सपना था, जिसे पूरा करके उन्हें गर्व महसूस होता है। हालांकि, नौकरी के साथ-साथ उन्होंने अपने संगीत के जुनून को भी कभी नहीं छोड़ा।
उन्होंने मजाकिया अंदाज में बताया कि विभाग में शायद वो अकेले ऐसे पुलिसकर्मी हैं जिन्हें आधिकारिक तौर पर संगीत से जुड़ी गतिविधियों की अनुमति मिली हुई है।
कपिल दिनकर की पहचान सिर्फ एक सिंगर और पुलिसकर्मी तक सीमित नहीं है। उन्होंने मंच पर बताया कि वो अब तक तीन किताबें लिख चुके हैं और कई नई पुस्तकों पर काम कर रहे हैं। इसके अलावा उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार के मिशन शक्ति अभियान का भी जिक्र किया और महिलाओं की सुरक्षा व जागरूकता के लिए इसे उपयोगी पहल बताया।
स्टेज पर आते ही कपिल ने समय रैना से ऐसा मजाक किया कि पूरा माहौल हंसी से गूंज उठा। समय ने जब पूछा कि क्या वह सिर्फ पुलिस की वर्दी पहनकर आए हैं या वास्तव में पुलिस में हैं, तब कपिल ने मुस्कुराते हुए बताया कि वो यूपी पुलिस में कार्यरत हैं।
इसके बाद शो में कई मजेदार पल देखने को मिले। जब हार्ष लिम्बाचिया ने मजाक में कहा कि अगर वो कोई अपराध करेंगे तो उन्हें पकड़ने कपिल ही आएंगे, तो कपिल ने तुरंत जवाब दिया, 'अपराध करेंगे ही क्यों?' उनके इस जवाब पर पूरा पैनल ठहाके लगाने लगा।
कपिल की प्रस्तुति से समय रैना, किकू शारदा, चंदन प्रभाकर, हार्ष लिम्बाचिया और बलराज सिंह घई इतने प्रभावित हुए कि सभी ने उन्हें 10 में 10 अंक दिए। मजेदार बात यह रही कि कपिल ने खुद भी अपने प्रदर्शन को पूरे अंक दिए।
शो के अंत में उन्हें एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि मिली। इसके बाद बोनस सवाल का सही जवाब देकर उन्होंने अतिरिक्त 50 हजार रुपये भी जीत लिए।
कपिल ने ये भी बताया कि उन्हें एक समय अक्षय कुमार के गेम शो के लिए ऑडिशन का मौका मिला था। हालांकि अंतिम चयन नहीं हो पाया, लेकिन वह अनुभव उनके लिए यादगार रहा। उन्होंने अपनी इच्छा जाहिर की कि भविष्य में वह यो यो हनी सिंह के साथ किसी म्यूजिक प्रोजेक्ट में काम करना चाहते हैं।
सोशल मीडिया पर भी कपिल अपने गानों के लिए पहचाने जाते हैं। दिवंगत पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला को समर्पित कई प्रस्तुतियां भी उन्होंने साझा की हैं, जिन्हें लोगों ने काफी पसंद किया।
एपिसोड आने के बाद शो के आधिकारिक सोशल मीडिया पेज ने कपिल की परफॉर्मेंस को दिखाया। इस पर कपिल ने मजेदार अंदाज में जवाब देते हुए लिखा कि लोग कहते हैं पुलिस समय पर नहीं आती, लेकिन इस बार तो वो सीजन की शुरुआत में ही पहुंच गई।
Updated on:
04 Jul 2026 08:16 am
Published on:
04 Jul 2026 08:15 am
