
योगेश रावत अपना सीक्रेट बताते हुए ( फोटो सोर्स- Instagram/netflix)
Yogesh Rawat Secret Revealed In Lock Upp: नेटफ्लिक्स के चर्चित रियलिटी शो 'लॉकअप सीजन 2' में हर दिन किसी न किसी प्रतियोगी का ऐसा राज सामने आ रहा है, जो दर्शकों को हैरान कर देता है। इस बार शो के कंटेस्टेंट योगेश रावत ने अपनी जिंदगी से जुड़ा ऐसा खुलासा किया, जिसने न सिर्फ घरवालों बल्कि सोशल मीडिया यूजर्स को भी चौंका दिया। योगेश ने स्वीकार किया कि वो पहले मॉल से सामान चुराने यानी शॉपलिफ्टिंग कर चुके हैं और ये सब उन्होंने पैसों की कमी नहीं बल्कि 'थ्रिल' या 'किक' के लिए किया था।
शो के दौरान जब स्क्रीन पर योगेश के सीक्रेट से जुड़ा हिंट दिखाया गया तो बाकी कंटेस्टेंट भी हैरान रह गए। पहले किसी को समझ नहीं आया कि मामला क्या है, लेकिन जैसे ही योगेश ने अपनी बात रखी, माहौल पूरी तरह बदल गया। उन्होंने बताया कि जिंदगी में सब कुछ हासिल करने के बावजूद उन्हें कभी-कभी बिना पैसे दिए सामान उठाकर ले जाने का रोमांच महसूस होता था और इसी वजह से उन्होंने कई बार ऐसा किया।
योगेश की बात सुनकर शो के होस्ट राम कपूर ने तुरंत उनसे पूछा कि क्या इसका मतलब चोरी करना है? इस पर योगेश ने बिना हिचकिचाए स्वीकार किया कि वह शॉपलिफ्टिंग करते थे। इसके बाद शो की जेलर फराह खान ने उनसे पूछा कि अब तक उन्होंने कितनी कीमत का सामान इस तरह उठाया होगा। योगेश ने दावा किया कि कुल मिलाकर लगभग 50 से 60 हजार रुपये की चीजें उन्होंने बिना भुगतान किए मॉल से ले ली थीं।
इस खुलासे के बाद सेट पर मौजूद सभी लोग कुछ पल के लिए हैरान रह गए। वहीं प्रतियोगी आकांक्षा ने कहा कि उन्हें इस बारे में पहले से कुछ किस्से सुनने को मिले थे, हालांकि उन्होंने साफ किया कि वह कभी भी इन घटनाओं का हिस्सा नहीं थीं। योगेश ने भी दोहराया कि आकांक्षा का इस मामले से कोई संबंध नहीं है और उन्होंने केवल दूसरों से यह बातें सुनी थीं।
एपिसोड प्रसारित होने के बाद सोशल मीडिया पर योगेश रावत का यह खुलासा तेजी से वायरल हो गया। कई यूजर्स ने उनकी आलोचना करते हुए कहा कि अगर उन्होंने ये बात गर्व के साथ बताई है तो ये गलत मैसेज देता है। कुछ लोगों ने उन्हें पहले से मिले 'चीटर' टैग के साथ अब 'चोर' कहकर भी निशाना बनाया।
हालांकि कुछ दर्शकों का मानना था कि अगर योगेश इसे अपनी गलती मानकर पछतावे के साथ पेश करते तो लोगों की प्रतिक्रिया अलग हो सकती थी। कई यूजर्स ने यह भी लिखा कि मानसिक स्थिति या क्लेप्टोमेनिया जैसी समस्या का जिक्र होता तो बातचीत का स्वरूप अलग हो सकता था।
'लॉकअप' के नए सीजन में कंटेस्टेंट्स के निजी जीवन से जुड़े कई चौंकाने वाले खुलासे लगातार सामने आ रहे हैं। योगेश रावत का यह स्वीकारोक्ति वाला एपिसोड भी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। अब ये देखना दिलचस्प होगा कि आने वाले एपिसोड में इस खुलासे का उनके खेल और दर्शकों की राय पर क्या असर पड़ता है।
Updated on:
15 Jul 2026 11:46 am
Published on:
15 Jul 2026 11:46 am
