
मोनालिसा ने की बॉयफ्रेंड संग शादी
Monalisa Bhosle News: महाकुंभ के मेले में अपनी मासूम मुस्कान और सादगी से रातों-रात इंटरनेट की सनसनी बनीं मोनालिसा एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह उनकी कोई वायरल फोटो नहीं बल्कि उनकी शादी है। मोनालिसा ने केरल के तिरुवनंतपुरम में फरमान खान नाम के एक युवक के साथ निकाह कर लिया है। इस खबर के बाहर आते ही न केवल सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है, बल्कि उनके परिवार और समाज में भारी आक्रोश पैदा हो गया है। अब उनकी ये शादी उनके करियर के लिए भी आफत बन गई है।
जैसे ही मोनालिसा की शादी की खबर मध्यप्रदेश के महेश्वर स्थित उनके पैतृक गांव पहुंची, वहां सन्नाटा पसर गया। परिवार के लिए यह खबर किसी बड़े सदमे से कम नहीं थी। बताया जा रहा है कि फरमान से शादी की जानकारी मिलने के बाद से ही घर में चूल्हा तक नहीं जला है। उनकी मां लता भोसले की हालत बेहद खराब है और वह लगातार अपनी बेटी को याद कर रो रही हैं।
मोनालिसा के पिता जयसिंह भोसले ने इस पूरे मामले को एक सोची-समझी साजिश बताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बेटी को एक्टिंग सिखाने और हीरोइन बनाने का लालच देकर बहलाया-फुसलाया गया। जयसिंह का दावा है कि उनकी बेटी का 'ब्रेनवॉश' किया गया है और फर्जी दस्तावेजों के जरिए आधार कार्ड में उसकी उम्र बढ़ाकर यह शादी करवाई गई है। परिवार ने अब इस मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।
इस शादी के बाद बंजारा समाज के लोगों में भी जबरदस्त गुस्सा देखा जा रहा है। समाज के प्रतिनिधि मोनालिसा के घर पहुंचे और परिवार को समर्थन दिया। वहीं, इस विवाद की आंच फिल्म इंडस्ट्री तक भी पहुंच गई है। मोनालिसा का जो करियर अभी बना भी नहीं था वह खत्म होने की कगार पर आ गया है। फिल्म निर्देशक सनोज मिश्रा, जो मोनालिसा को लेकर 'द डायरी ऑफ मणिपुर' बना रहे थे, उन्होंने महेश्वर पहुंचकर परिवार से मुलाकात की। ऐसे में सनोज ने एक बड़ा फैसला लेते हुए कहा कि जब तक इस शादी की सच्चाई सामने नहीं आती और जांच पूरी नहीं होती, तब तक वह अपनी फिल्म रिलीज नहीं करेंगे। उन्होंने भी आशंका जताई है कि मोनालिसा ने यह फैसला दबाव में लिया है।
वहीं दूसरी तरफ, अपनी शादी को लेकर हो रहे विरोध को देखते हुए मोनालिसा अपने पति फरमान के साथ पुलिस स्टेशन पहुंचीं। जहां उन्होंने पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाते हुए अपनी जान को खतरा बताया है। फिलहाल यह मामला प्यार, धर्म और कानूनी दांव-पेच के बीच उलझ गया है। लोग अब इस बात का इंतजार कर रहे हैं कि मोनालिसा खुद सामने आकर इस पर क्या सफाई देती हैं।
Updated on:
16 Mar 2026 10:39 am
Published on:
16 Mar 2026 10:39 am
