
पाकिस्तान में आसमान छू रहे पेट्रोल के दाम
Pakistani Actress Saadia Imam Angry On Petrol Price hike: पाकिस्तान की मशहूर एक्ट्रेस और टीवी होस्ट सादिया इमाम एक बार फिर अपनी बेबाकी को लेकर सुर्खियों में हैं। पाकिस्तान में बदहाल होती अर्थव्यवस्था और आसमान छूती पेट्रोल की कीमतों ने आम जनता के साथ-साथ वहां के कलाकारों के सब्र का बांध भी तोड़ दिया है। सादिया इमाम ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर पाकिस्तानी हुक्मरानों को जमकर लताड़ा है और अपनी भड़ास निकालते हुए यहां तक कह दिया कि "तुम सब मर क्यों नहीं जाते, ताकि नई सोच वाले नए लोग आ सकें।" उनका ये वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
पाकिस्तान में पेट्रोल की कीमतें 300 रुपये प्रति लीटर के पार पहुंच गई हैं। सादिया ने वीडियो में सीधे तौर पर नेताओं की नाकामियों को गिनाते हुए सवाल किया कि आखिर पुराने स्टॉक पर नई कीमतें कैसे लागू हो सकती हैं? उन्होंने गुस्से में कहा, "आज जो तुम पेट्रोल 300 रुपये कर रहे हो, क्या तुम्हारे पास जखीरा खत्म हो गया था? पुराना पेट्रोल तो पड़ा हुआ है, फिर उस पर रेट कैसे बढ़ गए? तुम लोग थकते नहीं हो जनता को लूटते हुए?"
सादिया इमाम ने पाकिस्तान की तुलना पड़ोसी मुल्कों से करते हुए वहां की सरकार को आईना दिखाया। उन्होंने कहा, "पूरी दुनिया में तेल की कीमतें गिर रही हैं, लेकिन हमारे यहां बढ़ रही हैं। भारत ने अभी तक रेट नहीं बढ़ाए, बांग्लादेश ने मामूली इजाफा किया। ईरान हमें पेट्रोल देने को तैयार है, जो हमारा सबसे करीबी पड़ोसी है और जिससे हमारी दिल की दोस्ती होनी चाहिए। लेकिन हम IMF के तलवे चाटने में इतने मशगूल हैं कि अपने पड़ोसी से सस्ता तेल लेने के बजाय कतर से महंगे दामों पर खरीद रहे हैं।"
सादिया यहीं नहीं रुकीं, उन्होंने पाकिस्तान के दिग्गज नेताओं बिलावल भुट्टो, मरियम नवाज, शहबाज शरीफ और जरदारी का नाम लेकर उन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने तंज कसते हुए पूछा, "कहाँ छुपकर बैठे हैं हमारे सीएम साहब और ये तमाम लीडर्स? क्या आप लोगों ने अपने घरों में पेट्रोल के कुएं खोद लिए हैं? टीवी पर आकर लंबी-चौड़ी तकरीरें पढ़ना आसान है, लेकिन क्या आप आकर हमारी गाड़ियों में पेट्रोल डलवा रहे हैं?"
सादिया ने भावुक होते हुए कहा कि बच्चों के फाइनल एग्जाम्स सिर पर हैं, लेकिन पेट्रोल इतना महंगा है कि उन्हें स्कूल भेजना मुहाल हो गया है। उन्होंने कड़े शब्दों में कहा, "थक गए हैं हम तुम लोगों से। अगर तुम कुछ कर नहीं सकते, तो बेहतर है कि रास्ता छोड़ दो।" सादिया इमाम का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग उनकी इस हिम्मत की दाद दे रहे हैं। पाकिस्तान में बढ़ती महंगाई के खिलाफ यह किसी बड़े कलाकार का अब तक का सबसे तीखा बयान माना जा रहा है।
Updated on:
26 Mar 2026 03:49 pm
Published on:
26 Mar 2026 03:48 pm
बड़ी खबरें
View Allमनोरंजन
ट्रेंडिंग
