
PM Narendra Modi Gujarat speech (IMDb)
Viral PM Narendra Modi Gujarat speech: पीएम नरेंद्र मोदी ने गुजरात के साणंद में आयोजित सेमीकंडक्टर प्रोजेक्ट के उद्घाटन समारोह के दौरान अपने संबोधन में फेमस वेब सीरीज पंचायत के चर्चित डायलॉग 'सुन रहे हो ना बिनोद' का जिक्र कर माहौल हल्का कर दिया। उनके इस संवाद पर कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने तालियों के साथ प्रतिक्रिया दी और ये पल सोशल मीडिया पर भी तेजी से चर्चा का विषय बन गया।
पीएम मोदी साणंद में सीजी सेमी की आउटसोर्स्ड सेमीकंडक्टर असेंबली एंड टेस्ट (OSAT) सुविधा के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। अपने भाषण के दौरान उन्होंने उद्योग, विकास और भारत के सेमीकंडक्टर मिशन पर विस्तार से बात की, तो वहीं बीच-बीच में हल्के-फुल्के अंदाज से भी लोगों का ध्यान खींचा।
इस दौरान उन्होंने कहा, "निशान चूक माफ, लेकिन नीचे निशान नहीं।" उनका आशय था कि ऊंचे लक्ष्य तय करना जरूरी है, भले ही उन्हें हासिल करने में चुनौती हो, लेकिन छोटे लक्ष्य नहीं रखने चाहिए। इसके अलावा उन्होंने कहा कि भारत सेमीकंडक्टर क्षेत्र में वैश्विक सप्लाई चेन का हिस्सा बन चुका है और पहली चिप की खेप जापान स्थित साझेदारों को भेजी जा रही है। इस संदर्भ में उन्होंने गुजराती कहावत "काम बोले छे" का भी उल्लेख किया।
इतना ही नहीं, अपने संबोधन में पीएम मोदी ने इन दोनों कहावतों का जिक्र करते हुए कहा कि वो कभी छोटे लक्ष्य तय नहीं करते और न ही छोटी सोच रखते हैं। उन्होंने कहा कि यदि उन्हें कोई स्मारक बनाना हो तो वो दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा बनाने का लक्ष्य रखते हैं। इसे व्यापक रूप से स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के कॉटैक्स के रूप में देखा गया। इसके बाद उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, "सुब्बैया जी ने कहा था काम बोले छे,सुन रहे हो ना बिनोद काम बोलता है।" पीएम के इस संवाद पर मौजूद लोगों ने जोरदार तालियां बजाईं।
बता दें, पीएम मोदी का ये बयान ऐसे समय आया है, जब उन्होंने हाल ही में पंचायत वेब सीरीज में 'बिनोद' का किरदार निभाने वाले एक्टर अशोक पाठक और 'भूषण' की भूमिका निभाने वाले एक्टर दुर्गेश कुमार से मुलाकात की थी। इस मुलाकात का वीडियो पीएम ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया था। वीडियो में उन्होंने मजाकिया अंदाज में पूछा था, "और भूषण, बिनोद सुनता है कि नहीं सुनता है?" पोस्ट के कैप्शन में उन्होंने लिखा था, "बिनोद से कुछ बातें"। इस वीडियो को सोशल मीडिया पर काफी पसंद किया जा रहा है और पंचायत के फैंस ने इसे खूब शेयर किया।
Updated on:
05 Jul 2026 04:59 pm
Published on:
05 Jul 2026 04:50 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
