
Rajeev Khandelwal On Casting Couch (सोर्स- एक्स)
Rajeev Khandelwal On Casting Couch: टीवी और फिल्म इंडस्ट्री के जाने-माने अभिनेता राजीव खंडेलवाल एक बार फिर अपने बेबाक बयान की वजह से चर्चा में आ गए हैं। हाल ही में दिए गए एक इंटरव्यू में उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री में लंबे समय से चल रहे कास्टिंग काउच और शोषण जैसे संवेदनशील मुद्दों पर खुलकर अपनी राय रखी। उनका कहना है कि इस विषय को केवल एक ही नजरिए से नहीं देखा जा सकता, बल्कि इसके कई पहलू होते हैं जिन्हें समझना जरूरी है।
'फ्री प्रेस जर्नल' से बातचीत करते हुए राजीव खंडेलवाल ने अपने शुरुआती करियर के दिनों को याद करते हुए बताया कि उन्होंने भी इंडस्ट्री में कदम रखते समय ऐसे हालात का सामना किया था, जहां उनसे समझौते की उम्मीद की गई थी। हालांकि उन्होंने उस समय अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं किया और अपने दम पर आगे बढ़ने का फैसला किया। उनका मानना है कि नए कलाकार अक्सर बड़े सपनों के साथ इस दुनिया में आते हैं और कई बार कुछ लोग उनकी मजबूरी का फायदा उठाने की कोशिश करते हैं।
अभिनेता ने ये भी कहा कि पिछले कई सालों से फिल्म इंडस्ट्री में फिजिकली और यौन शोषण के साथ-साथ कास्टिंग काउच जैसे मुद्दों पर खुलकर चर्चा हो रही है, लेकिन इसके बावजूद हालात में बहुत ज्यादा बदलाव देखने को नहीं मिला है। उनके मुताबिक आज भी कई ऐसी घटनाएं सामने आती रहती हैं, जो इस बात का संकेत देती हैं कि समस्या पूरी तरह खत्म नहीं हुई है।
उन्होंने ये भी सवाल उठाया कि क्या आज इंडस्ट्री में आने वाले नए कलाकार खुद को पहले से ज्यादा सुरक्षित महसूस करते हैं या नहीं- इसका सही जवाब उन्हीं से मिल सकता है जो अभी इस सफर की शुरुआत कर रहे हैं।
राजीव खंडेलवाल ने अपने बयान में एक और जरूरी बात कही। उन्होंने कहा कि कई बार लोग अपने कमजोर हालात या भावनात्मक दबाव में गलत फैसले ले लेते हैं। उनके मुताबिक कुछ लोग जल्दी सफलता पाने के लिए आसान रास्ता तलाशते हैं, जिसकी वजह से वे ऐसे समझौते कर बैठते हैं जिनका बाद में उन्हें पछतावा होता है।ॉ
हालांकि उन्होंने ये भी साफ किय कि इसका मतलब ये नहीं है कि शोषण करने वालों की जिम्मेदारी कम हो जाती है, बल्कि यह एक जटिल सामाजिक और पेशेवर स्थिति है जिसे संतुलित तरीके से समझने की जरूरत है।
अभिनेता का मानना है कि इंडस्ट्री में होने वाले शोषण को लेकर हर मामले की परिस्थितियां अलग-अलग होती हैं। इसलिए किसी भी घटना को केवल एक ही नजरिए से देखने के बजाय उसके सभी पहलुओं को समझना जरूरी है। उन्होंने ये भी कहा कि कई बार लोग वर्षों बाद सामने आकर अपनी कहानी साझा करते हैं, जिससे ये सवाल उठता है कि उस समय उन्होंने लंबे समय तक चुप्पी क्यों साधे रखी- लेकिन इसके पीछे भी व्यक्तिगत परिस्थितियां जिम्मेदार हो सकती हैं।
राजीव खंडेलवाल के इस बयान ने एक बार फिर फिल्म इंडस्ट्री में कास्टिंग काउच और शोषण के मुद्दे पर नई बहस छेड़ दी है। उनके विचारों को जहां कुछ लोग साहसिक और संतुलित मान रहे हैं, वहीं कुछ लोग इस पर अलग राय भी रख रहे हैं। फिलहाल उनका यह बयान सोशल मीडिया और मनोरंजन जगत में चर्चा का बड़ा विषय बना हुआ है।
Published on:
23 Mar 2026 03:30 pm
बड़ी खबरें
View Allमनोरंजन
ट्रेंडिंग
