
Rakhi Sawant(फोटो सोर्स: X के @MukAn_X अकाउंट के द्वारा)
Rakhi Sawant on failed marriages: बॉलीवुड की जुझारू एंटरटेनर एक्ट्रेस राखी सावंत ने एक इंटरव्यू में अपनी जिंदगी के सबसे दर्दनाक पन्ने खोले। उन्होंने न सिर्फ अपने पूर्व पति आदिल खान दुर्रानी पर जान से मारने की कोशिश का गंभीर आरोप लगाया बल्कि ये भी बताया कि आज भी कोई उन्हें "बीवी मटीरियल" नहीं मानता और ये दर्द उन्हें अंदर से तोड़ता है।
राखी सावंत ने बताया कि आदिल खान दुर्रानी उनके साथ मारपीट और मानसिक उत्पीड़न करता था, लेकिन सबसे चौंकाने वाला खुलासा ये था कि एक बार वो उन्हें किसी ऊंची जगह ले गया और ऊपर चलने के लिए कहने लगा। इस पर राखी ने कहा कि वो समझ गईं कि ये उन्हें धक्का देकर मारने और उनकी सारी संपत्ति हड़पने की साजिश थी। वो वहां से भाग निकलीं। इस पर उनका कहना था कि आदिल ने उनके 3 करोड़ रुपये भी ले लिए।
इतना ही नहीं, राखी सावंत ने ये भी बताया कि आदिल "स्वीट पॉइजन" की तरह था बाहर से मीठा और अंदर से जहर। वो मानसिक यातना इस तरह देता था कि कोई भी महिला खुद ही टूट जाए। राखी ने कहा कि वो रोज उन्हें आत्महत्या के लिए उकसाने वाली बातें कहता था, लेकिन राखी ने हार नहीं मानी। राखी ने बताया कि उन्होंने आदिल के लिए नाश्ता, खाना सब बनाया, उसे सलमान खान से मिलवाया, बॉलीवुड से जुड़वाया लेकिन बदले में सिर्फ जुल्म मिला।
47 साल की राखी ने 'हॉटरफ्लाई' को दिए इंटरव्यू में अपना दिल का दर्द भी बयान किया। उन्होंने कहा कि लोग उन्हें "बीवी मटीरियल" नहीं मानते क्योंकि वो बेबाक और स्वतंत्र हैं। हाल ही में उन्होंने एक पसंदीदा लड़के से शादी का प्रस्ताव रखा तो उसने कह दिया, "तुझसे कौन शादी करेगा?" राखी ने तंज में कहा कि शायद उनकी परिभाषा में "बीवी मटीरियल" वो होती है जो जूते खाए, गालियां सुने और घर में दबी रहे। राखी ने बताया कि मां के दबाव में उन्होंने एग्स फ्रीज करवाए, कई इंजेक्शन लगे, पैसे खर्च हुए और दर्द भी सहा। वो मां बनना चाहती हैं, लेकिन मां के दबाव में ही गलत इंसान से शादी हो गई जो उनके जीवन का सबसे बड़ा दुख बन गया।
राखी की पहली शादी 2019 में रितेश सिंह से हुई थी जो 2022 में टूट गई। उसी साल आदिल खान दुर्रानी से शादी हुई लेकिन कुछ महीनों में ही तलाक हो गया और मामला कोर्ट तक पहुंचा। बता दें, राखी सावंत की ये कहानी बताती है कि चाहे कोई कितनी भी मजबूत दिखे, अंदर से हर इंसान को प्यार और सम्मान की जरूरत होती है और जब वो नहीं मिलता तो दर्द बेहद गहरा होता है।
Updated on:
24 May 2026 02:50 pm
Published on:
24 May 2026 02:50 pm
