
रवि किशन-राहुल गांधी (फोटो सोर्स- ANI)
Ravi Kishan On Rahul Gandhi: बीजेपी सांसद रवि किशन ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए ऐसा बयान दिया है, जिसकी सोशल मीडिया पर काफी चर्चा हो रही है। राहुल गांधी पर अपनी ही पार्टी के एक कार्यकर्ता को कोहनी मारने का आरोप लगाते हुए रवि किशन ने तंज कसा कि वह प्रधानमंत्री बनने का सपना देख रहे हैं, लेकिन अपनी ही पार्टी के कार्यकर्ताओं को कोहनी मार रहे हैं। उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर यूजर्स ने भी तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दी हैं।
दरअसल, ये विवाद उस वीडियो के बाद शुरू हुआ, जिसे बीजेपी के सोशल मीडिया हैंडल से साझा किया गया था। वीडियो में कथित तौर पर राहुल गांधी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर को खत्म करने की मांग के दौरान एक पार्टी कार्यकर्ता को कोहनी मारते दिखाई दे रहे हैं। बताया गया कि यह घटना मंगलवार को हुई थी।
पत्रकारों से बातचीत के दौरान गोरखपुर से बीजेपी सांसद रवि किशन ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि राहुल गांधी अपनी ही पार्टी के कार्यकर्ताओं को कोहनी मार रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए सवाल किया कि अगर राहुल गांधी कभी प्रधानमंत्री बन गए, तो देश को कितनी कोहनियां मारेंगे। रवि किशन ने उन्हें ‘कोहनीबाज प्रधानमंत्री’ बनने का सपना देखने वाला भी बताया। रवि किशन ने कहा कि राहुल गांधी पीएम बनने जा रहे हैं और इस तरह की हरकत शोभा नहीं देती।
इससे पहले भी रवि किशन ने सोशल मीडिया पर वायरल हुए इसी वीडियो का हवाला देते हुए राहुल गांधी पर निशाना साधा था। रायपुर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने विपक्ष पर चुनाव में बीजेपी को हराने में नाकाम रहने के बाद आम जनजीवन बाधित करने का आरोप लगाया। उन्होंने वोट चोरी और ईवीएम में गड़बड़ी को लेकर विपक्ष के आरोपों पर भी सवाल उठाए।
रवि किशन ने कहा कि ऐसे प्रदर्शनों से आम लोगों को परेशानी होती है। उनके मुताबिक, एंबुलेंस में सफर कर रहे मरीजों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है और देश के युवाओं को गुमराह किया जा रहा है।
रवि किशन के बयान के बाद सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने मजाकिया अंदाज में प्रतिक्रिया दी। कुछ लोगों ने राहुल गांधी को लेकर टिप्पणी की, तो कुछ ने रवि किशन के बयान को ही चर्चा का विषय बना लिया।
यूजर्स के कमेंट्स इस तरह हैं- एक यूजर ने लिखा- सर ने तो पहले ही स्पॉइलर दे दिया, दोस्तों। वहीं एक दूसरे यूजर ने लिखा- राहुल के बारे में यह कहने के लिए धन्यवाद कि वह मौजूदा प्रधानमंत्री से बेहतर हैं। वहीं एक और यूजर ने लिखा- मुझे पता है, वह अंडरकवर एजेंट हैं। एक यूजर ने 'राहुल गांधी मेरे प्रधानमंत्री हैं' लिखा। एक यूजर ने लिखा- एक और शानदार बयान।
Updated on:
15 Oct 2026 03:34 pm
Published on:
15 Oct 2026 03:34 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
