
प्रियंका चोपड़ा। फोटो सोर्स- Instagram (ssrajamouli)
SS Rajamouli Varanasi Movie Update: एसएस राजामौली की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'वाराणसी' रिलीज से पहले ही लगातार चर्चा में बनी हुई है। फिल्म अगले साल सिनेमाघरों में दस्तक देगी, लेकिन इसकी कहानी, स्टारकास्ट और विजुअल स्केल को लेकर दर्शकों में अभी से जबरदस्त उत्सुकता है। हाल ही में राजामौली ने फ्रांस में आयोजित एनेसी इंटरनेशनल एनिमेशन फिल्म फेस्टिवल के दौरान फिल्म से जुड़े कई अहम खुलासे किए।
फेस्टिवल में आयोजित एक मास्टरक्लास के दौरान एसएस राजामौली ने साफ किया कि 'वाराणसी' किसी फ्रेंचाइजी का हिस्सा नहीं होगी। उन्होंने कहा कि यह एक स्टैंडअलोन फिल्म है और इसकी कहानी एक ही फिल्म में पूरी होगी। इस तरह 'बाहुबली' की तरह इसके कई पार्ट देखने को नहीं मिलेंगे।
राजामौली ने बताया कि फिल्म सिर्फ भव्य विजुअल्स तक सीमित नहीं होगी। इसमें दर्शकों को अंटार्कटिका की बर्फीली दुनिया, रामायण के देवता, प्राकृतिक आपदाएं और कई शानदार सिनेमाई तत्व देखने को मिलेंगे। हालांकि उन्होंने जोर देकर कहा कि इन सभी भव्य दृश्यों के केंद्र में पिता और पुत्र के रिश्ते की भावनात्मक कहानी होगी, जो फिल्म की असली ताकत बनेगी।
विजयेन्द्र प्रसाद द्वारा लिखी गई इस फिल्म में महेश बाबू, प्रियंका चोपड़ा और पृथ्वीराज सुकुमारन मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म भारतीय माइथोलॉजी और लोककथाओं को टाइम ट्रैवल जैसे साइंस-फिक्शन एलिमेंट्स के साथ जोड़कर एक ग्लोबल एडवेंचर के रूप में पेश करेगी।
रिपोर्ट्स की माने तो, फिल्म के एक महत्वपूर्ण सीक्वेंस में महेश बाबू भगवान राम के रूप में दिखाई देंगे, जो पूरी तरह रामायण पर आधारित होगा।
राजामौली ने हाल ही में जानकारी दी थी कि फिल्म के प्रमुख एक्शन सीक्वेंस पूरे किए जा चुके हैं। टीम की कोशिश है कि अक्टूबर तक शूटिंग पूरी कर ली जाए, जिसके बाद पोस्ट-प्रोडक्शन का काम तेजी से किया जाएगा। फिल्म को अप्रैल 2027 में सिनेमाघरों में रिलीज करने की योजना है।
फिल्म की चर्चा के बीच अब प्रियंका चोपड़ा के किरदार 'मंदाकिनी' का नया लुक भी सामने आया है। इससे पहले मेकर्स ने उनके किरदार का परिचय कराया था, जबकि अब उनका नया पोस्टर रिलीज किया गया है।
एसएस राजामौली ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर प्रियंका की 2 तस्वीरें साझा कीं। पहली तस्वीर में वह ब्लैक आउटफिट में बेहद गंभीर और गुस्से वाले अंदाज में नजर आ रही हैं, जबकि दूसरी तस्वीर में उनका खुश और चंचल रूप देखने को मिलता है।
तस्वीरें साझा करते हुए राजामौली ने लिखा, "जब वह मुस्कुराती है तो बेहद विनम्र होती है और जब नहीं मुस्कुराती, तो आग बन जाती है। 'वाराणसी' में मंदाकिनी के रूप में प्रियंका चोपड़ा।"
राजामौली के नए खुलासों और प्रियंका चोपड़ा के ताजा लुक ने फिल्म को लेकर उत्साह और बढ़ा दिया है। माइथोलॉजी, साइंस-फिक्शन, एडवेंचर और भावनात्मक कहानी के मेल के साथ 'वाराणसी' को भारतीय सिनेमा की सबसे महत्वाकांक्षी फिल्मों में से एक माना जा रहा है।
संबंधित विषय:
Updated on:
18 Jul 2026 10:55 am
Published on:
18 Jul 2026 10:53 am
