6 मई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

‘तुम मुख्यमंत्री बनोगे’, थलापति विजय की ‘किंगमेकर’ निकली मां शोभा चंद्रशेखर, 20 साल पहले कही बात बनेगा सच!

थलापति विजय की राजनीतिक पारी की शुरुआत सफल रही है। वो तमिलनाडु के अगले सीएम बनने की रेस में सबसे आगे हैं। इसी बीच विजय की मां की कही 20 साल पुरानी बात एक बार फिर चर्चाओं में आ गई है। क्या है पूरा मामला, चलिए जानते हैं।

3 min read
Google source verification
Thalapathy Vijay Mother Shoba Chandrasekhar:

Thalapathy Vijay Mother Shoba Chandrasekhar (सोर्स- एक्स)

Thalapathy Vijay Mother Shoba Chandrasekhar: तमिल सिनेमा और अब राजनीति के बड़े चेहरे बन चुके थलापति विजय की जिंदगी इन दिनों एक नए मुकाम पर है। 2026 के चुनावों में उनकी पार्टी तमिलगा वेट्री कझगम (TVK) की ऐतिहासिक जीत ने उन्हें न सिर्फ एक सफल अभिनेता बल्कि एक मजबूत राजनीतिक नेता के रूप में भी स्थापित कर दिया है। लेकिन इस बड़ी जीत के पीछे एक ऐसी कहानी छुपी है, जो किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं- एक मां की आवाज, एक गीत और उसमें छुपी भविष्यवाणी। क्या है पूरा मामला, चलिए जानते हैं।

2005 का वो गीत, जो 2026 में सच बन गया (Thalapathy Vijay Mother Shoba Chandrasekhar)

कभी 2005 में रिलीज हुई फिल्म 'शिवकाशी' के एक गाने की एक पंक्ति आज चर्चा का केंद्र बनी हुई है। ये गाना ‘कोडंबक्कम एरिया’ उस समय सिर्फ एक मनोरंजन का हिस्सा था, लेकिन आज वही लाइन विजय के राजनीतिक सफर का प्रतीक बन गई है। गाने की लाइन कुछ इस तरह थी- 'अगर गरीब के हाथ में फैसला होगा तो तुम कल को मुख्यमंत्री बनोगे।'

इस गीत की खास बात ये है कि इसे किसी और ने नहीं, बल्कि खुद विजय की मां शोभा चंद्रशेखर ने अपनी आवाज दी थी। गाने की वो पंक्ति, जिसमें आम जनता की ताकत का जिक्र था, आज विजय की जीत के बाद एक भविष्यवाणी जैसी लगने लगी है।

एक मां, जो सिर्फ मां नहीं- एक कलाकार भी हैं

अक्सर लोग शोभा चंद्रशेखर को सिर्फ विजय की मां के रूप में जानते हैं, लेकिन उनकी अपनी पहचान भी बेहद मजबूत है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत एक लाइट म्यूजिक सिंगर के तौर पर की थी और बाद में फिल्म इंडस्ट्री में अपनी जगह बनाई।

उन्होंने कई फिल्मों में गाने गाए, जिनमें से कई मशहूर संगीतकार इलैयाराजा के साथ भी रहे। सिर्फ गायन ही नहीं, शोभा ने लेखन, निर्देशन और प्रोडक्शन में भी हाथ आजमाया। उन्होंने दर्जनों कहानियां लिखीं, जिनमें से कई को फिल्मों में रूपांतरित किया गया।

परिवार और करियर के बीच संतुलन

24 अप्रैल 1973 को शोभा ने फिल्ममेकर एस ए चंद्रशेखर से शादी की। इस जोड़ी ने अपने जीवन में कई उतार-चढ़ाव देखे। उनके दो बच्चे हुए- विजय और बेटी विद्या, लेकिन दुर्भाग्यवश उनकी बेटी का बहुत कम उम्र में निधन हो गया।

इन कठिन परिस्थितियों के बावजूद शोभा ने अपने परिवार को संभालते हुए अपने करियर को भी आगे बढ़ाया। यही वजह है कि उन्हें सिर्फ एक मां नहीं बल्कि एक मजबूत महिला के रूप में भी देखा जाता है।

विजय के करियर की असली ताकत

अगर विजय के करियर की बात करें, तो जहां उनके पिता ने उन्हें इंडस्ट्री में स्थापित करने में मदद की, वहीं उनकी मां ने हर मुश्किल में उनका साथ दिया।

विजय के जीवन में कई ऐसे मौके आए जब परिवार के भीतर मतभेद सामने आए। खासतौर पर साल 2020 में, जब एस ए चंद्रशेखर ने बिना जानकारी के विजय के नाम से एक राजनीतिक संगठन रजिस्टर करवा दिया। इस घटना ने पिता-पुत्र के रिश्ते में दरार पैदा कर दी। इस मुश्किल समय में शोभा ने एक सेतु का काम किया। उन्होंने न सिर्फ स्थिति को संभालने की कोशिश की बल्कि धीरे-धीरे परिवार को फिर से एकजुट भी किया।

जीत के बाद भावुक पल

2026 के चुनाव नतीजे आने के बाद जब विजय की पार्टी की जीत तय हो गई, तो घर में जश्न का माहौल था। इसी दौरान शोभा ने वही पुराना गाना गुनगुनाया, जिसने सालों पहले विजय के भविष्य की झलक दिखाई थी।

ये पल सिर्फ एक जीत का जश्न नहीं था, बल्कि एक मां के विश्वास का प्रमाण भी था। जब उनसे इस बारे में पूछा गया, तो उन्होंने बस इतना ही कहा- 'मैं बहुत खुश हूं।'