
उत्तर प्रदेश के एटा जिले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का टैटू अपने सीने पर गुदवाकर सुर्खियों में आने वाले यामीन सिद्दीकी को पुलिस ने शांति भंग करने के आरोप में गिरफ्तार करते हुए जेल भेज दिया है। गिरफ्तारी से पहले यामीन सिद्दीकी ने आरोप लगाए थे कि दो लोगों ने उसे मस्जिद में नमाज पढ़ने पर जान से मारने की धमकी दी है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल करने की भी पुलिस से शिकायत की थी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद यामीन को ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। बताया जा रहा है कि थाने में बंद कर यामीन की पिटाई भी की गई है। इस तरह मुख्यमंत्री योगी की चापलूसी करने वाले युवक को जेल भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, एटा जिले के थाना नयागांव पुलिस ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रशंसक एवं भाजपा कार्यकर्ता यामीन सिद्दीकी शांति भंग के आरोप में जेल भेज दिया है। योगी प्रशंसक यामीन पर आरोप है कि उसने बकरीद के त्यौहार पर शांति और सौहार्द बिगाड़ने का कार्य किया है। यामीन सिद्दीकी ने पुलिस थाने पहुंचकर दो लोगों के खिलाफ तहरीर देते हुए बताया था कि जब वह ईद की नमाज पढ़कर घर लौट रहा था तो दो लोगों ने उसको रोक जान से मारने की धमकी दी है। उन्होंने कहा था कि अगर मस्जिद के आसपास भी दिखे तो मार दिए जाओगे। साथ ही यामीन ने सीएम योगी के लिए भी अपशब्दों का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया था। पुलिस ने मामले की जांच के यामीन को ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
भाजपा कार्यकर्ता हैं यामीन सिद्दीकी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिन पर योगी आदित्यनाथ की तस्वीर का टैटू अपने सीने पर गुदवाकर यामीन सुर्खियों में आए थे। जिसके बाद में यामीन सिद्दीकी ने जिलाध्यक्ष की मौजूदगी में भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता भी ग्रहण कर ली थी। यामीन ने कहा है कि वह सीएम योगी से मिलेंगे और शिकायत करेंगे। जेल जाते वक्त योगी प्रशंसक यामीन सिद्दीकी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जिंदाबाद के नारे भी लगाए।
सपा का मजबूत कार्यकर्ता होने के भी लगे थे आरोप
बता दें कि यामीन सिद्दीकी विवादों के घेरे में भी रहे और सोशल मीडिया पर ट्रोल भी हुए थे। यामीन सिद्दीकी पर समाजवादी पार्टी का मजबूत कार्यकर्ता होने के आरोप लगे थे, जिसके प्रमाण सोशल मीडिया के माध्यम से वायरल भी हुए।
Published on:
11 Jul 2022 08:07 am
