
Etah News: उत्तर प्रदेश के एटा जिले में सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां बदमाशों ने चार साल के मासूम का अपहरण करके घर वालों से फिरौती मांगी। परिजन ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस बदमाशों की तलाश में जुट गई। मामले में पुलिस की दखलंदाजी बदमाशों को बुरी लगी। उन्होंने मासूम की हत्या कर लाश नदी में फेंक दी।
बच्चा मेरे कब्जे में है, छुड़ाने के लिए तीन लाख रुपये की व्यवस्था कर
मामला बागवाला थाना क्षेत्र के कुंदनपुर गांव का है। गांव निवासी ओमवीर सिंह का चार वर्षीय बालक रिशु मंगलवार को लापता हो गया। बच्चे की काफी तलाश की गई लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। परिजन बच्चे के चिंता में परेशान हो गए। इसी बीच शाम करीब सात बजे उनके पास एक फोन आया। फोन करने वाले ने कहा कि “तुम्हारा बच्चा मेरे कब्जे में है। बालक को छुड़ाने के लिए तीन लाख रुपये की व्यवस्था कर लें।”
निर्मम हत्या कर नदी में फेंका शव
बच्चे के अपहरण और फिरौती की बात सुनकर ओमवीर के होश उड़ गए। वह तुरंत थाने पहुंचा और पुलिस को पूरी जानकारी देते हुए बच्चे को ढूंढने की गुहार लगाई। सूचना मिलने पर पुलिस बदमाशों की तलाश और बच्चे को बचाने के प्रयास में जुट गई। इसकी भनक बदमाशों को लग गई। उन्होंने मासूम बच्चे की निर्मम हत्या कर दी। बुधवार की सुबह करीब आठ बजे मासूम की लाश जैथरा थाना क्षेत्र के काली नदी में उतराती मिली।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
मासूम का शव देककर गांव में चीख-पुकार मच गई। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। सूचना पर सीओ सिटी विक्रांत द्विवेदी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। सीओ सिटी ने बताया कि बच्चे का पिता जवाहर तापीय परियोजना मलावन प्लांट में काम करता है। मंगलवार की दोपहर बच्चे का अपहरण किया गया था। फिरौती की रकम मांगने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम बच्चे की तलाश में लगी हुई थीं। बुधवार की सुबह शव बरामद हुआ है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
Updated on:
14 Jun 2023 07:50 pm
Published on:
14 Jun 2023 07:41 pm
