कानपुर में बिकरू कांड के मुख्यआरोपी विकास दुबे की नजदीकियों से सुर्खियों में आए सब इंस्पेक्टर विनय तिवारी के आचरण से मेल खाने वाले जोन के सभी जनपदों में संदिग्ध पुलिस कर्मियों की पहचान की जा रही है।
इटावा. कानपुर में बिकरू कांड (Bikru case) के मुख्यआरोपी विकास दुबे (Vikas Dubey) की नजदीकियों से सुर्खियों में आए सब इंस्पेक्टर विनय तिवारी (Vinay Tiwari) जैसा आचरण रखने वाले जोन के सभी जनपदों में संदिग्ध पुलिस कर्मियों की पहचान की जा रही है। कानपुर जोन के अपर पुलिस महानिदेशक जय नारायण सिंह ने इटावा पुलिस लाइन में मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए इस पर जानकारी दी। सिंह ने बताया कि ऐसे पुलिस कर्मी महकमे के रडार पर हैं जिनका आचरण विनय तिवारी जैसा है। सभी जनपदों के एसएसपी ऐसे लोगों को चिह्नित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अभी तक कानपुर नगर में ऐसे 18 लोग चिह्नित किए गए हैं। जोन के अन्य जनपदों में इनकी संख्या आठ से लेकर 10 हो सकती है। इन सभी की सूची बनाई जा रही है और उनके खिलाफ कार्रवाई प्रस्तावित है।
पुलिस आचरण में सुधार लाने के दिए गए निर्देश-
जनपद में पुलिस अधिकारियों को 20 से ऊपर मुकदमे वाले सभी अपराधियों को टॉप टेन की सूची में सूचीबद्ध करने के निर्देश दिए गए हैं। टॉप टेन सूची की समीक्षा की जा रही है। जो लोग इस समय सक्रिय नहीं हैं, उनको छोड़कर सक्रिय लोगों के खिलाफ पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस जनों को भी अपने आचरण में सुधार लाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्हें समझाया जा रहा है। अगर उसके बाद भी वे नहीं मानेंगे तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
त्योहारों में जुलूस नहीं-
जय नारायण सिंह ने बताया कि आगे आने वाले त्योहार गणेश चतुर्थी, मोहर्रम पर कोविड-19 की गाइड लाइन के अनुसार कोई जुलूस नहीं निकाला जाएगा। इन त्योहारों को घर पर मनाने के निर्देश जारी किए गए हैं। पुलिस यह सुनिश्चित करेगी कि कोई भी जुलूस नहीं निकले। आगे दशहरा के पर्व पर भी यही व्यवस्थाएं रहेंगी। उन्होंने यह भी बताया कि कोविड-19 महामारी के कारण पुलिस पर दोहरा काम हो गया जिसके कारण कई जनपदों में विवेचनाएं लांबित हो गई हैं। अधिकारियों को विवेचनाओं को जल्द से जल्द निस्तारित करने के निर्देश दिए गए हैं।