7 मार्च 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सुबह निकले थे घर से…कार में दो सगे भाइयों की मिली लाश, बड़ा भाई कुंदन सेना से रिटायर्ड

Haryana News: हरियाणा के फरीदाबाद में सड़क किनारे खड़ी एक कार के अंदर दो सगे भाइयों के शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

2 min read
Google source verification
Bodies of two brothers found in a car in Faridabad Haryana

Haryana News: हरियाणा के फरीदाबाद जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जिसने इलाके में सनसनी फैला दी। यहां सड़क किनारे खड़ी एक कार के अंदर दो सगे भाइयों के शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। फिलहाल पुलिस मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।

आपको बता दें कि यह पूरा मामला जिले के पल्ला थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक नवीन नगर चौकी इलाके में अगवानपुर गांव जाने वाली सड़क पर एक कार काफी देर से खड़ी थी। स्थानीय लोगों को जब कई घंटों तक गाड़ी वहीं खड़ी दिखाई दी तो उन्हें शक हुआ। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने कार का दरवाजा खोला तो अंदर दो लोग बेहोशी की हालत में पड़े मिले।

दोनों भाइयों की हो गई थी मौत

पुलिस ने तुरंत दोनों को कार से बाहर निकालकर एंबुलेंस की मदद से सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया। मृतकों की पहचान कुंदन कुमार (44) और रंजन कुमार (38) के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से बिहार के छपरा जिले के रहने वाले थे। बताया जा रहा है कि बड़ा भाई कुंदन कुमार भारतीय सेना से रिटायर्ड था, जबकि छोटा भाई रंजन कुमार एक पैर से दिव्यांग था। दोनों भाई फरीदाबाद के रोशन नगर इलाके में साथ रह रहे थे।

दम घुटने की आशंका

पुलिस की शुरुआती जांच में दम घुटने से मौत होने की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि यह कार सुबह करीब 10 बजे से ही सड़क किनारे खड़ी थी। लगभग 10 घंटे तक गाड़ी वहीं खड़ी रहने के बाद लोगों को शक हुआ और उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने कार से मिले दस्तावेजों के आधार पर मृतकों के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल पाएगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।