18 अप्रैल 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

जिस दुकान पर अखिलेश यादव ने चाय पी उस पर फूड सेफ्टी विभाग का छापा, दुकानदार बोला- परेशान किया जा रहा

Akhilesh Yadav News : यूपी के फतेहपुर में अखिलेश यादव के चाय पीने वाली मशहूर दुकान पर फूड सेफ्टी विभाग ने छापा मारा। दुकानदार ने राजनीतिक उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए दुकान बंद करने का फैसला किया है। जानें पूरा मामला।

2 min read
Google source verification
AI Generated Symbolic Image

AI Generated Symbolic Image

फतेहपुर : उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में एक साधारण चाय की दुकान अब सियासी विवाद का केंद्र बन गई है। दो महीने पहले समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने जिस दुकान पर चाय पी थी, उसी दुकान पर फूड सेफ्टी विभाग ने छापेमारी कर चाय के सैंपल ले लिए। दुकान मालिक और उनके बेटे ने आरोप लगाया है कि अखिलेश यादव के आने के बाद से ही उन्हें लगातार परेशान किया जा रहा है।

20 फरवरी 2026 को अखिलेश यादव फतेहपुर दौरे पर खागा तहसील के अफोई गांव पहुंचे थे। वहां से लौटते समय खागा के चौकी चौराहा पर उन्होंने चाय पीने की इच्छा जताई। स्थानीय कार्यकर्ताओं ने उन्हें शेषमन यादव की प्रसिद्ध चाय की दुकान पर ले गए।

दुकान संचालक शेषमन यादव के बेटे आर्यन यादव ने खुद अखिलेश यादव को दो कुल्हड़ चाय बनाकर पिलाई। अखिलेश ने चाय की तारीफ की और आर्यन से पूछा- 'कौन सी पत्ती डालते हो? कितनी चीनी डालते हो?'

अखिलेश यादव ने इस घटना की फोटो और वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किए, जिसके बाद दुकान इलाके में चर्चा का विषय बन गई और 'शेषमन की फेमस चाय' के नाम से और प्रसिद्ध हो गई।

फूड सेफ्टी विभाग ने दुकान से लिया सैंपल

16 अप्रैल 2026 (गुरुवार) को फूड सेफ्टी विभाग की टीम चौकी चौराहा स्थित इस दुकान पर पहुंची। टीम ने चाय और दूध के सैंपल लिए तथा एल्युमिनियम के बर्तनों में चाय बनाने पर सवाल उठाए। दुकानदार को चेतावनी दी गई कि अगर मानक पूरे नहीं पाए गए तो दुकान सील की जा सकती है।

दुकान मालिक शेषमन यादव ने गुस्से में कहा, 'अखिलेश भैया के आने के बाद से ही हमें परेशान किया जा रहा है। डेढ़-दो महीने से लगातार दबाव बना रहे हैं। एल्युमिनियम के बर्तन में नहीं तो अब सोने-चांदी के बर्तन में चाय बनाएं क्या? जीना मुश्किल कर दिया गया है।'

चाय की दुकान बंद करने का ऐलान

आर्यन यादव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दुकान बंद करने का ऐलान किया। उन्होंने लिखा — “जब से अखिलेश यादव ने हमारी दुकान पर चाय पी है, तब से आए दिन दबंगों द्वारा मारपीट, गाली-गलौज की जा रही है। फूड विभाग और अन्य विभाग के अधिकारी लगातार परेशान कर रहे हैं। मैं एक गरीब परिवार से हूं, लड़ाई-झगड़े करने वाले लोगों में से नहीं हूं। इसलिए आज से अपनी चाय की दुकान बंद कर रहा हूं। हम गांव-घर-दुकान सब छोड़कर जा रहे हैं।”

खाद्य निरीक्षक धीरेंद्र दीक्षित ने बताया कि छापेमारी किसी शिकायत के आधार पर हुई। एक व्यक्ति (अहमद नामक) ने आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी कि दुकान पर चाय बनाने में मानकों का पालन नहीं हो रहा है। उसी शिकायत पर टीम ने जांच की और सैंपल जांच के लिए भेज दिए। रिपोर्ट आने के बाद आगे कार्रवाई (दुकान सीज करने समेत) की जाएगी।

विभाग के सूत्रों के अनुसार, फतेहपुर में इससे पहले चाय की किसी दुकान पर ऐसी छापेमारी नहीं हुई थी। विभाग ज्यादातर मिठाई की दुकानों या रेस्टोरेंट्स पर फोकस करता है।

कांग्रेस नेता का वीडियो वायरल

इस मामले में यूपी कांग्रेस के युवा नेता शिवाकांत तिवारी का एक वीडियो भी वायरल हुआ है, जिसमें वे फोन पर खाद्य निरीक्षक से दुकानदार को परेशान न करने की अपील करते सुनाई दे रहे हैं।