
गैस लीक के बाद हुआ बड़ा धमाका। फोटो सोर्स-Ai
Gas Leak Accident: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में रविवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। गैस सिलेंडर से गैस लीक होने के बाद हुए जोरदार धमाके में 9 लोग गंभीर रूप से झुलस गए। घटना कल्याणपुर थाना क्षेत्र के पिलखिनी गांव की है, जहां दो कमरों के एक मकान में अचानक ब्लास्ट होने से अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के मुताबिक, रविवार रात करीब 9 बजे संतोष लोधी की पत्नी कलावती घर के अंदर खाना बना रही थीं। इसी दौरान गैस पाइप से लीकेज शुरू हो गया। देखते ही देखते घर में गैस फैल गई और अचानक जोरदार धमाका हो गया। हादसे के वक्त मकान के अंदर मौजूद 6 लोग इसकी चपेट में आ गए।
ब्लास्टके बाद आसपास के लोग मदद के लिए मौके पर पहुंचे, लेकिन आग और गैस की चपेट में आकर 3 अन्य लोग भी झुलस गए। हादसे के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया और मौके पर चीख-पुकार सुनाई देने लगी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तुरंत मलवां मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद 8 गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए कानपुर रेफर कर दिया।
घायलों की हालत गंभीर देखते हुए प्रशासन ने ग्रीन कॉरिडोर तैयार कराया, ताकि उन्हें बिना किसी देरी के कानपुर पहुंचाया जा सके। फिलहाल सभी घायलों का इलाज कानपुर के हैलेट अस्पताल में जारी है।
फतेहपुर के पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि हादसा सिलेंडर फटने से नहीं, बल्कि गैस लीक होने की वजह से हुआ। उन्होंने कहा कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई थी।
एसपी ने बताया कि वह खुद जिलाधिकारी के साथ मलवां मेडिकल कॉलेज पहुंचे और डॉक्टरों से घायलों की स्थिति की जानकारी ली। अधिकारियों ने डॉक्टरों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। घायलों की हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है।
कल्याणपुर थाना प्रभारी सुमित देव पांडे ने बताया कि सभी गंभीर घायलों को कानपुर के हैलेट अस्पताल रेफर कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
Published on:
18 May 2026 10:08 am
बड़ी खबरें
View Allफतेहपुर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
