
श्रीराम को अपशब्द कहने वाले यासिर से लोगों ने मंगवाई माफी, PC: 'X'
फतेहपुर के कोतवाली क्षेत्र के अहमदगंज के रहने वाले यासिन ने हाल ही में सोशल मीडिया पर भगवान श्रीराम को लेकर एक आपत्तिजनक पोस्ट शेयर की थी। इस पोस्ट को देखने के बाद बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद (VHP) के कार्यकर्ताओं में रोष फैल गया। उन्होंने यासिन की पहचान कर उसके घर का पता निकाला और एकजुट होकर वहां पहुंच गए।
बताया जा रहा है कि जब संगठन के कार्यकर्ताओं ने यासिन से मंदिर चलकर भगवान से माफी मांगने को कहा तो उसने शुरू में इनकार कर दिया। इस दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद हल्की मारपीट की स्थिति भी बन गई। कार्यकर्ताओं के अनुसार, यासिन के पास एक धारदार चाकू भी था, जिससे उसने विरोध कर रहे एक कार्यकर्ता पर हमला कर घायल कर दिया।
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो विवाद बढ़ता देख यासिन की पत्नी नगमा ने हस्तक्षेप किया और अपने पति को समझाकर मंदिर जाने के लिए राजी किया। इसके बाद यासिन को स्थानीय वर्मा चौराहा स्थित एक मंदिर में ले जाया गया, जहां उसने भगवान की मूर्ति के सामने खेद प्रकट करते हुए माफी मांगी और भविष्य में ऐसी गलती न दोहराने का वादा किया।
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कई लोगों ने यासिन के कृत्य की निंदा की है, वहीं कुछ लोग पूरे प्रकरण को कानून के हवाले करने की बात कह रहे हैं।
बजरंग दल के कार्यकर्ता हर्षित ने बताया कि यदि आरोपी समय रहते माफी नहीं मांगता तो मामला और भी गंभीर हो सकता था। फिलहाल पुलिस में किसी प्रकार की शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, लेकिन वायरल वीडियो के चलते प्रशासन की नजर इस मामले पर बनी हुई है।
Updated on:
18 Jun 2025 08:35 pm
Published on:
18 Jun 2025 08:35 pm
