
Fatehpur Crime News : फतेहपुर में पत्नी ने पति को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाकर मार डाला, PC- Patrika
फतेहपुर :उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में पति-पत्नी के रिश्ते का एक भयावह अंत सामने आया है। यहां एक महिला ने अपने पति को सोते समय पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया। शुरुआत में उसने घटना को हादसा बताने की कोशिश की, लेकिन पड़ोसियों को उसके बयानों पर शक हुआ। पुलिस की सख्त पूछताछ में महिला टूट गई और उसने हत्या की बात कबूल कर ली।
पुलिस के अनुसार, घटना 26 जून की है। मृतक की पहचान अवधेश उर्फ पवन के रूप में हुई है। उसकी शादी करीब 16 साल पहले प्रीति उर्फ विनीता से हुई थी। दंपती की कोई संतान नहीं थी। अवधेश मजदूरी करके परिवार का खर्च चलाता था।
पूछताछ के दौरान महिला ने जो कहानी बताई, उसने पूरे मामले को और सनसनीखेज बना दिया। महिला के मुताबिक, घटना वाले दिन पति ने उससे 100 रुपये मांगे। उसके पास केवल 50 रुपये थे। उसने उनमें से 20 रुपये पति को दे दिए। इस बात पर पति नाराज हो गया और घर में बैटरी लाइट तोड़ दी तथा सब्जी भी फेंक दी।
महिला का दावा है कि इसके बाद उसने पड़ोस से 50 रुपये उधार लिए और अपने पास के पैसे मिलाकर पति को 100 रुपये दिए। पति उन पैसों से शराब लेकर आया। शराब पीने के बाद उसने फिर झगड़ा किया और उसे अपमानित किया। महिला ने पुलिस को बताया कि जब पति नशे में धुत होकर सो गया तो उसने पेट्रोल छिड़ककर उसे आग लगा दी।
घटना के बाद महिला ने पड़ोसियों को बताया कि बीड़ी पीते समय आग लग गई थी। हालांकि उसके व्यवहार और अलग-अलग बयानों से लोगों को संदेह हुआ। पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने जब महिला से पूछताछ की तो वह लगातार बयान बदलती रही। इसी वजह से पुलिस का शक गहरा गया। बाद में सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।
जांच में सामने आया कि आग लगाने के बाद महिला ने कमरे का दरवाजा भी बंद कर दिया था। इससे अवधेश के बचने की कोई संभावना नहीं रही। सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। फतेहपुर के पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि महिला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
महिला का आरोप है कि उसका पति शराब पीकर अक्सर मारपीट करता था और उसे प्रताड़ित करता था। वहीं पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि घटना अचानक गुस्से में हुई या इसकी पहले से योजना बनाई गई थी।
Updated on:
05 Jul 2026 04:18 pm
Published on:
05 Jul 2026 04:12 pm
बड़ी खबरें
View Allफतेहपुर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
