5 फ़रवरी 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

पीएमसी बैंक मामले में मुंबई पुलिस को मिली बड़ी सफलता, पूर्व MD जॉय थॉमस हुए गिरफ्तार

पीएमसी बैंक मामले ईडी कर रहा जांच रियल एस्‍टेट कंपनी एचडीआईएल के निदेशक को पुलिस ने किया गिरफ्तार

2 min read
Google source verification
joy thomas

नई दिल्ली। लंबे समय से चर्चा में बने हुए पीएमसी बैंक के पूर्व प्रबंध निदेशक जॉय थॉमस को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। बैंक में हुए 4,355 करोड़ रुपए के घोटाले को लेकर ईडी ने कई जगह छापेमारी भी की है। वहीं, मुंबई पुलिस ने गुरुवार को एचडीआईएल के निदेशक राकेश वधावन और उसके बेटे सारंग वधावन को भी इसी मामले में हिरासत में लिया था।


थॉमस को किया गिरफ्तार

एक पुलिस अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि थॉमस को पूछताछ के लिए आर्थिक अपराध शाखा के कार्यालय में बुलाया गया था, जिसके बाद उन्हें वहीं गिरफ्तार कर लिया गया। पिछले चार दिनों से लापता थॉमस की गिरफ्तारी ऐसे समय में हुई है, जब एक दिन पहले गुरुवार को रियलिटी कंपनी एचडीआईएल के अध्यक्ष राकेश कुमार वधावन और प्रबंधन निदेशक सारंग वधावन को इसी विभाग ने गिरफ्तार किया था और उनकी 3,500 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त कर ली थी।


कारों को किया जब्त

इसके अलावा प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने 4,355 करोड़ रुपए के पंजाब और महाराष्ट्र सहकारी (पीएमसी) बैंक धोखाधड़ी मामले में मनी लॉन्ड्रिंग का मामला दर्ज कर 12 महंगी कारों को जब्त किया है। इसमें दो रॉल्स रॉयस, दो रेंज रोवर और एक बेंटली शामिल है। मुंबई के छह स्थानों पर छापे के बाद एचडीआईएल के चेयरमैन राकेश वाधवान और उनके बेटे सारंग वाधवान की ये कारें जब्त की गईं।


मामले की हो रही जांच

ईडी ने हाउसिंग डेवलपमेंट एंड इन्फ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड (एचडीआईएल) और उसके प्रमोटरों के खिलाफ धन शोधन निरोधक कानून (पीएमएलए) की विभिन्न धाराओं के तहत प्रवर्तन मामले की जांच रिपोर्ट (ईसीआईआर) दर्ज की है और मामले की जांच शुरू कर दी है। ईडी द्वारा दर्ज मामले में एचडीआईएल के कार्यकारी अध्यक्ष राकेश वाधवान और समूह के उपाध्यक्ष और उनके बेटे सारंग को नामजद किया गया है। ईडी ने मामले में मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) की प्राथमिकी का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है।


चल रही है पूछताछ

पीएमसी बैंक धोखाधड़ी में कथित भूमिका को लेकर गुरुवार को मुंबई पुलिस ने राकेश वाधवान और उनके बेटे सारंग को गिरफ्तार किया, जिसके बाद दोनों को मुंबई पुलिस के ईओडब्ल्यू कार्यालय में बुलाया गया और जब जांचकर्ताओं ने पाया कि वे जांच में सहयोग नहीं कर रहे हैं, तो उन्होंने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। ईओडब्ल्यू के प्रमुख राजवर्धन सिन्हा ने कहा, "हमने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे पूछताछ जारी है।"


कर्ज को छिपाने का बनाया था प्लान

एफआईआर पीएमसी बैंक के रिकवरी डिपार्टमेंट के मैनेजर जसबीर सिंह मट्टा द्वारा दर्ज कराई गई। यह भी आरोप लगाया गया है कि 21,049 जाली बैंक खातों को कथित रूप से लोन को छिपाने के लिए तैयार किया गया था, जो भारतीय रिजर्व बैंक के मानदंडों का उल्लंघन करते थे। उल्लेखनीय है कि आर्थिक अपराध शाखा ने पिछले सोमवार को पीएमसी बैंक और एचडीआईएल के खिलाफ कथित तौर पर 4,335 करोड़ रुपये का बैंक को नुकसान पहुंचाने के लिए एक मामला दर्ज किया था।