बैंकों के विलय को लेकर सरकार ने गंभीरता दिखानी शुरू कर दी है। आधिकारिक सूत्रों के हवाले से एक मीडिया रिपोर्ट में कहा गया है कि पीएनबी, ओबीसी और आंध्रा बैंक के विलय को लेकर सरकार ने इन तीनों बैंकों के अधिकारियों से बातचीत शुरू कर दी है। सरकार इन बैंकों के अधिकारियों से विलय के दौरान आने वाली समस्याओं को दूर करने, संचालन सुचारु बनाए रखने आदि मामलों पर बातचीत कर रही है। जैसे ही यह बातचीत पूरी हो जाएगी, वैसे ही इन बैंकों के विलय की घोषणा कर दी जाएगी। सूत्र ने कहा है कि इस विलय की घोषणा दिसंबर 2018 तक संभव है। सूत्र के अनुसार, सरकार की योजना इन तीनों बैंकों का विलय कर 1 अप्रैल 2019 से नए बैंक के संचालन की योजना बना रही है।