कोलकाता। देश के सबसे बड़े ऋणदाता भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआर्इ) को चालू वित्त वर्ष में 40,000 करोड़ रुपए से अधिक के फंसे हुए कर्ज की वसूली करने की उम्मीद है। यह बात शनिवार को बैंक के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कही। एसबीआई के उप महाप्रबंधक (दबावग्रस्त परिसंपत्ति समाधान समूह) पल्लव महापात्रा ने कहा, "हमें उम्मीद है कि चालू वित्त वर्ष में 40,000 करोड़ से अधिक की रिकवरी कर पाएंगे। हम ऋणशोधन अक्षमता और दिवाला संहिता (आईबीसी) के जरिए 25,000-30,000 करोड़ रुपए और बाकी एसेट रिकंस्ट्रक्शन कंपनियों (एआरसी) को की जाने वाली बिकवाली और एक बार के समाधान जैसे अन्य स्रोतों से वसूली की उम्मीद करते हैं।"