8 दिसंबर 2025,

सोमवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

icon

प्लस

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

लोकसभा चुनाव से पहले सपा के इस नेता का बड़े स्तर पर मनेगा जन्मदिन

मुलायम सिंह और शिवपाल यादव को भेजा गया निमंत्रण, रूठों को मनाने की हो रही तैयारी।

2 min read
Google source verification
 Ramgopal Yadav

लोकसभा चुनाव से पहले सपा के इस नेता का बड़े स्तर पर मनेगा जन्मदिन

फीरोजाबाद। लोकसभा चुनाव नजदीक हैं। ऐसे में हर पार्टी चुनाव की तैयारियों में लगी हुई हैं। फिरोजाबाद को सपा का गढ़ माना जाता है। ऐसे में समाजवादी पार्टी लोकसभा चुनाव से पहले सपा के प्रमुख राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव का 72 वां जन्म दिन मनाने की तैयारी कर रहे हैं। इसका न्यौता मुलायम सिंह यादव, शिवपाल यादव समेत अखिलेश यादव और अन्य नेताओं व पार्टी पदाधिकारियों को भेजा गया है। 29 जून को शिकोहाबाद के रामलीला मैदान में जन्म दिवस पर राजनैतिक जलसा होगा, जिसे आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारियों की दृष्टि से भी देखा जा रहा है।

सपा का गढ़ रहा है फिरोजाबाद

सपा का गढ़ माने जाने वाले फीरोजाबाद में 2009 में लोकसभा के चुनाव में सपा के युवराज कहे जाने वाले अखिलेश यादव जीते थे। उनके द्वारा सीट छोड़ने के बाद उपचुनाव में पुराने समाजवादी और कांग्रेस नेता राजबब्बर जीते। 2014 में प्रो.रामगोपाल यादव के बेटे अक्षय यादव ने जीत हासिल की थी। इसके बाद से प्रो. यादव का फीरोजाबाद से नाता और गहरा हो गया।

विधानसभा में मिली थी हार

विस चुनाव में जिले की दो सीटें हाथ से जाने के बाद लोकसभा चुनाव की तैयारियां शुरू हुई, मगर पार्टी में ही बगावत शुरू हो गई। पहले पूर्व विधायक अजीम ने मोर्चा खोला और फिर सिरसागंज विधायक और उनके पुत्र ने ताल ठोंक दी। अब पार्टी की एकजुटता के लिए प्रो. यादव के जन्म दिन पर राजनैतिक जलसा किया जा रहा है। गांव-गांव भेजे जा रहे आमंत्रण पत्र में लिखा गया है कि समाजवादी पार्टी फीरोजाबाद द्वारा पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव प्रो.रामगोपाल यादव का 72वां जन्म दिन मनाया जा रहा है, आप पधारकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाए। पार्टी सूत्रों के मुताबिक लगभग दो लाख से ज्यादा लोगों की दावत की जाएगी। इससे पहले विशाल मंच पर केक काटा जाएगा।

मुलायम, शिवपाल समेत अन्य दिग्गजों को भी न्योता

जन्म दिवस के आयोजन के लिए पार्टी के संस्थापक व पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव, पूर्व मंत्री शिवपाल सिंह यादव समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को न्योता भेजा गया है। जोर-शोर से चल रही तैयारी शिकोहाबाद के रामलीला मैदान पर तैयारी जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। बर्थ डे मनाने के लिए 32 सौ फीट का मंच बनाया जा रहा है। इसके साथ ही वाटरप्रूफ पंडाल में गर्मी से बचने के इंतजाम भी किए जाएंगे। टेंट और खानपान के लिए आगरा से लेकर जयपुर तक के लोगों को ठेके दिए गए हैं। पार्टी नेताओं को आमंत्रण पत्र घर-घर पहुंचाने की जिम्मेवारी सौंपी गई है। शहर में होर्डिंग्स का सिलसिला शुरू हो चुका है।

लोकसभा क्षेत्र का केंद्र है शिकोहाबाद

लोकसभा चुनाव से पहले सांसद अक्षय यादव के पिता और पार्टी के प्रमुख राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव का जन्म दिन पार्टी को जोड़ने की नजर से भी देखा जा रहा है। पांच विस वाले जिले में शिकोहाबाद को केंद्र माना जाता है। वहीं इटावा और मैनपुरी की सीमा भी यहां से नजदीक है।