
विश्व चैंपियन अर्जेंटीना के कप्तान लियोनल मेसी जल्द ही एक नया रिकॉर्ड कायम करेंगे। एक रिपोर्ट के मुताबिक, 35 वर्षीय मेसी जल्द फुटबॉल इतिहास का सबसे बड़ा अनुबंध करने जा रहे हैं। ये अनुबंध सऊदी अरब सरकार मेसी के लिए तैयार कर रही है। इसके तहत, मेसी को सालाना 320 मिलियन पाउंड (32.88 अरब रुपए) का लुभावना अनुबंध मिल सकता है। यदि सब कुछ सही रहा तो मेसी फुटबॉल इतिहास का सबसे बड़ा अनुबंध पाने वाले खिलाड़ी बन जाएंगे।
पिता और एजेंट बातचीत फाइनल कर रहे
रिपोर्ट के मुताबिक, मेसी के पिता और एजेंट सऊदी अरब के साथ करार को फाइनल करने के लिए बातचीत कर रहे हैं। फ्रांसीसी मीडिया के अनुसार, मेसी का पीएसजी छोड़ना तय है। मेसी का सऊदी अरब जाना फाइनल मुकाम पर पहुंच गया है। वे दिग्गज फुटबॉलर रोनाल्डो के बाद ऐसा करने वाले दूसरे खिलाड़ी होंगे।
किस क्लब से जुड़ेगे, अभी इसका खुलासा नहीं
यह लगभग तय है कि मेसी जल्द सऊदी अरब प्रो लीग में खेलते हुए दिखेंगे। लेकिन अभी यह खुलासा नहीं किया गया है कि वे किस टीम के साथ जुड़ेगे। दरअसल, मेसी को सऊदी अरब लाने में वहां की सरकार भी अहम भूमिका निभा रही है और वही इस दिग्गज खिलाड़ी के लिए अनुबंध भी तैयार कर रही है।
17.49 अरब रुपए पाने वाले रोनाल्डो का तोड़ देंगे रेकॉर्ड
मेसी का अनुबंध यदि फाइनल हो जाता है तो वे पुर्तगाल के स्टार खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो को पीछे छोड़ देंगे। दोनों खिलाडिय़ों के बीच प्रतिद्वंदिता काफी पुरानी है। अभी इतिहास का सबसे बड़ा अनुबंध पाने का रेकॉर्ड रोनाल्डो के नाम है, जो इस साल की शुरुआत में मैनचेस्टर यूनाइटेड छोड़कर सऊदी अरब के क्लब अल नासार के साथ 173 मिलियन पाउंड (17.49 अरब रुपए) सालाना पर करार किया था।
उपलब्धियां :
2022 : में अर्जेंटीना मेसी की कप्तानी में विश्व चैंपियन बना
07 : बार बेलोन डीऑर, अवॉर्ड जीता
06 : बार यूरोपीयन गोल्ड शू अवॉर्ड
800 : से ज्यादा गोल अब तक ठोके
फुटबॉल जगत में बढ़ जाएगा सऊदी अरब का रुतबा
लियोनल मेसी और क्रिस्टियानो रोनाल्डो वर्तमान में दुनिया के सबसे बेहतरीन फुटबॉलर माने जाते हैं, जिनके नाम ढेरों रेकॉर्ड हैं। इन दोनों की उपस्थिति से सऊदी अरब का फुटबॉल जगत में रुतबा बढ़ जाएगा। सऊदी अरब अपनी लीग को प्रीमियर लीग और ला लीगा जैसी बड़ी लीगों में शुमार करना चाहता है। इसके अलावा, मेसी और रोनाल्डो के बाद दुनिया के कई अन्य खिलाड़ी भी सऊदी अरब लीग में खेलने के लिए आकर्षित होंगे।
पीएसजी के साथ अनुबंध होगा खत्म
3.35 : अरब रुपए अभी पीएसजी संग सालाना करार
लियोनल मेसी का अभी फ्रांस के क्लब पेरिस सेंट जर्मन (पीएसजी) के साथ अनुबंध है। मेसी दो साल पहले बार्सिलोना छोडऩे के बाद पीएसजी के साथ जुड़े थे और उनका करार इस सीजन के बाद खत्म हो रहा है। हाल ही में उनके पीएसजी के साथ रिश्तों में खटास भी आई है। मेसी ने साल 2021 में पीएसजी के साथ सालाना 41 मिलियन डॉलर (3.35 अरब रुपए) में करार किया था।
प्रशंसक हुए खफा, मेसी की कर रहे आलोचना
पीएसजी छोडऩे की खबरों से टीम के प्रशंसक मेसी से काफी नाराज है। बुधवार को हजारों प्रशंसक पीएसजी फुटबॉल क्लब के हेडक्वार्टर के बाहर जमा हो गए और उन्होंने मेसी को जमकर अपशब्द कहे। सोशल मीडिया पर भी पीएसजी के समर्थक मेसी को जमकर लताड़ कर रहे हैं।
Updated on:
05 May 2023 07:53 am
Published on:
04 May 2023 06:20 pm
बड़ी खबरें
View Allफुटबॉल
खेल
ट्रेंडिंग
