
FIFA 2018: करीब 2900 करोड़ रूपए बांटे गए 32 टीमों के बीच, जानें किस टीम को कितना मिला
नई दिल्ली। फुटबॉल का महाकुम्भ कहा जाने वाला फीफा विश्व कप 2018 का समापन हो चुका है। करीब एक महीने तक 32 देशों के बीच खेले गए 64 मुकाबलों के बाद फ्रांस की टीम चैंपियन बनकर उभरी। फ्रांस ने फाइनल में क्रोएशिया को 4-2 के अंतर से मात दी। फीफा की समाप्ति के बाद टूर्नामेंट में शिरकत करने वाली टीमों पर पैसों की जमकर बारिश हुई। विजेता फ्रांस और उप विजेता क्रोएशिया के साथ-साथ टूर्नामेंट में शामिल हुई सभी टीमों को अवार्ड के रूप में भारी धनराशि मिली। आईए जानें, किस टीम को कितना रकम मिला।
विजेता टीम को 38 मिलियन डॉलर-
फीफा 2018 में चैंपियन बनी फ्रांस की टीम को फीफा की ओर से करीब 38 मिलियन डॉलर की इनामी राशि दी गई। भारतीय मुद्रा में यह राशि लगभग ढाई अरब रूपए है। पिछले फीफा विश्वकप में विजेता को 35 मिलियन डालर दिए गए थे। इसके अलावा इस साल की उप विजेता टीम क्रोएशिया को 28 मिलियन डॉलर दिए गए। भारतीय मुद्रा के हिसाब से ये राशि करीब 1,888,827,386 रूपए है।
बेल्जियम को 24 मिलियन डॉलर-
टूर्नामेंट में छह मुकाबले जीतते हुए तीसरे स्थान पर आने वाली टीम बेल्जियम को 24 मिलियन डॉलर की राशि दी गई। जबकि चौथे स्थान पर रही इंग्लैंड की टीम को कुल 22 मिलियन डॉलर की राशि दी गई। इन अवार्डों के अलावा व्यक्तिगत रूप से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी पुरस्कार दिया गया।
इस प्रकार सभी टीमों में बंटी राशि-
इस टूर्नामेंट में शिरकत करने वाली प्रत्येक टीम को 1.5 मिलियन डॉलर का राशि दी गई। इसके अलावा पहले राउंड से बाहर होने वाली 16 टीमों को आठ-आठ मिलियन डॉलर दिया गया। दूसरे राउंड से बाहर हुई आठ टीमों को 12 मिलियन डॉलर दिया गया। जबकि तीसरे राउंड में पहुंच कर बाहर होने वाली 4 टीमों को 16 मिलियन डॉलर की राशि दी गई। इस प्रकार 32 टीमों के बीच कुल 428 मिलियन डॉलर दिया गया। यदि इस राशि को भारतीय मुद्रा में बदले तो यह करीब 29 अरब, 31 करोड़, 65 लाख, 87 हजार और 600 रूपए होता है।
Published on:
16 Jul 2018, 8:59 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.