
दक्षिण कोरिया की टीम की सुरक्षा में भारी चूक हुई है। (photo - FIFA 2026)
FIFA World Cup 2026: फीफा वर्ल्ड कप 2026 में एक नया विवाद सामने आया है। मेक्सिको के खिलाफ दूसरे मैच की तैयारी कर रही दक्षिण कोरिया की टीम की सुरक्षा में भारी चूक हुई है। उनके ट्रेनिंग बेस के ऊपर एक ड्रोन उड़ता नजर आया, जिसे मेक्सिको की सेना ने तुरंत इंटरसेप्ट कर मार गिराया। हालांकि इस घटना पर दक्षिण कोरिया के कोच हांग म्युंग-बो ने नाराजगी जताई है।
कोच हांग म्युंग-बो ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “कल ट्रेनिंग के दौरान हमें पता चला कि आसमान में एक ड्रोन घूम रहा था। अच्छी बात यह रही कि यह हमारी रणनीति की प्रैक्टिस शुरू होने से ठीक पहले दिख गया, इसलिए इसका हम पर कोई खास असर नहीं पड़ा। लेकिन मैच की तैयारी का समय सबसे संवेदनशील होता है, इसलिए जो हुआ वह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण था।”
मेक्सिकन अधिकारियों के अनुसार, सेना के स्पेशल उपकरणों ने एक अनरजिस्टर्ड ड्रोन का पता लगाया, जिसे तुरंत निष्क्रिय कर दिया गया। अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ड्रोन दक्षिण कोरिया की टीम की जासूसी करने की कोशिश कर रहा था या कोई और मकसद था।
यह घटना मेक्सिको के विश्व कप सुरक्षा प्लान “प्लान कुकुलकान” के तहत हुई, जिसमें करीब एक लाख सैनिक और पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। स्टेडियम, एयरपोर्ट, होटल और प्रमुख सड़कों पर सख्त निगरानी रखी जा रही है। टीमों, खिलाड़ियों और दर्शकों की सुरक्षा के लिए भी विशेष प्रोटोकॉल बनाए गए हैं।
बता दें कि दोनों टीमें टूर्नामेंट में अपने पहले मैच जीतकर आई हैं। मेक्सिको ने साउथ अफ्रीका को 2-0 से हराया, जबकि दक्षिण कोरिया ने चेकिया को 2-1 से मात दी। अब दोनों के बीच गुरुवार रात को ग्वाडलाहारा स्टेडियम में मुकाबला होगा, जो भारत में शुक्रवार सुबह 6:30 बजे शुरू होगा।
यह विश्व कप मेक्सिको, अमेरिका और कनाडा की संयुक्त मेजबानी में खेला जा रहा है। अब देखना यह होगा कि ड्रोन वाली इस घटना का दक्षिण कोरिया की टीम के मनोबल पर कितना असर पड़ता है, क्योंकि मेक्सिको अपने घरेलू मैदान पर बेहद मजबूत टीम माना जाता है।
Published on:
18 Jun 2026 04:14 pm
बड़ी खबरें
View Allफुटबॉल
खेल
ट्रेंडिंग
FIFA World Cup 2026
