
उज़्बेकिस्तान के खिलाफ जीत की खुशी मनाते कोलंबिया के खिलाड़ी। (फोटो सोर्स: FIFA)
UZB vs COL, FIFA World Cup 2026: फीफा वर्ल्ड कप 2026 में गुरुवार को तीसरा मैच उज़्बेकिस्तान और कोलंबिया के बीच खेला गया। मेक्सिको सिटी में ग्रुप-K के इस मैच में कोलंबिया ने उज़्बेकिस्तान के खिलाफ 3-1 के अंतर से बड़ी जीत दर्ज की है। कोलंबिया के लिए डैनियल मुनोज़, लुइस डियाज और जैमिंटन कैम्पाज़ ने गोल दागे तो उज़्बेकिस्तान की ओर अब्बोसबेक फ़ैज़ुल्लाएव ने गोल दागा।
कोलंबिया की ओर से डैनियल मुनोज़ ने 40वें मिनट में पहला गोल दागकर 1-0 से बढ़त दिलाई। लेकिन, 60वें मिनट में उज़्बेकिस्तान के अब्बोसबेक फ़ैज़ुल्लाएव शानदार गोल दागते हुए स्कोर को 1-1 की बराबरी पर ला दिया। इसके पांच मिनट बाद ही 65वें मिनट में लुइस डियाज ने कोलंबिया की ओर से दूसरा गोल दागा और टीम 2-1 से आगे कर दिया।
90वें मिनट तक दोनों टीमें संघर्ष करती रहीं, लेकिन स्कोर 2-1 ही रहा। इसके बाद अतिरिक्त टाइम में 99वें मिनट में कोलंबिया के जैमिंटन कैम्पाज़ ने गोल दागते हुए स्कोर को 3-1 पर ला दिया और टीम की जीत सुनिश्चित की।
इस मैच में लुइस डियाज ने एक गोल और असिस्ट करके अहम भूमिका निभाई। डियाज़ ने जबरदस्त प्रदर्शन के दम पर ही कोलंबिया ने जीत दर्ज की है। उन्होंने अपनी टीम के तीन में से दो गोल में सीधे तौर पर योगदान दिया। उन्होंने 40वें मिनट में डेनियल मुनोज़ को एकदम सही बॉल दी। फिर उज़्बेकिस्तान के बराबर करने के ठीक पांच मिनट बाद उन्होंने कोलंबिया को बढ़त दिलाने के लिए खुद गोल किया।
अब्बोसबेक ने रचा इतिहास
60वें मिनट में एल्डोर शोमुरोदोव का शॉट पोस्ट से टकराया और वर्गास उसे रिकवर नहीं कर पाए, जिससे बॉल रिबाउंड होकर अब्बोसबेक फैज़ुल्लाएव के पास आ गई, जिन्होंने पास से हेडर मारकर उसे गोल में तब्दील कर दिया। इस दौरान गोलकीपर का प्रयास नाकाफी था। भले ही कोलंबिया ने अपने वर्ल्ड कप के पहले मैच में डेब्यूटेंट उज़्बेकिस्तान को शानदार मात दी है। लेकिन, अब्बोसबेक फ़ैज़ुल्लाएव ने उज़्बेकिस्तान के लिए पहला वर्ल्ड कप गोल दागकर इतिहास के पन्नों में अपना नाम दर्ज कराया है।
Updated on:
18 Jun 2026 10:24 am
Published on:
18 Jun 2026 09:50 am
