2 जुलाई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

FIFA World Cup 2026: बोस्निया और हर्जेगोविना को हराकर USA ने अंतिम 16 में बनाई जगह, इतिहास रचने से एक कदम दूर

FIFA World Cup: फीफा वर्ल्ड कप के नॉकआउट चरण में किसी यूरोपीय टीम के खिलाफ अमेरिका की ये सिर्फ दूसरी जीत है। इसके साथ ही USA ने यूरोपीय देशों के खिलाफ चले आ रहे 12 मैचों के हार के सिलसिले को भी खत्म कर दिया।
2 min read
Google source verification
USA beat Bosnia and Herzegovina

USA ने राउंड ऑफ 16 में बनाई जगह (फोटो- FIFA)

USA vs Bosnia and Herzegovina: फीफा वर्ल्डकप 2026 के राउंड ऑफ 32 मुकाबले में अमेरिका ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बोस्निया और हर्जेगोविना को 2-0 से हराया। सैन फ्रांसिस्को बे एरिया स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में जीत के साथ अमेरिका ने अंतिम-16 में अपनी जगह पक्की कर ली। इस मुकाबले में अमेरिका की टीम दूसरे हाफ में आखिरी 40 मिनट तक सिर्फ 10 खिलाड़ियों के साथ खेलने पर मजबूर हो गई थी।

मैच की शुरुआत से ही अमेरिका ने आक्रामक खेल दिखाया और गेंद पर अपना नियंत्रण बनाए रखा। टीम की ओर से फोलारिन बालोगुन ने शानदार गोल दागा, लेकिन ऑफसाइड होने की वजह से उनके इस गोल को अमान्य करार दिया गया। हालांकि, पहले हाफ के इंजरी टाइम में बालोगुन ने एक बार फिर मौका बनाया। मलिक टिलमैन के शानदार पास पर उन्होंने डिफेंडरों को छकाते हुए गेंद को गोलकीपर निकोला वासिलज के नीचे से नेट में पहुंचाकर अमेरिका को 1-0 की बढ़त दिला दी।

पहले हाफ के अतिरिक्त समय में बालोगुन दूसरे गोल के भी करीब पहुंचे, लेकिन उनका शॉट क्रॉसबार से टकरा गया। दूसरे हाफ में बोस्निया और हर्जेगोविना ने वापसी की कोशिश की। 64वें मिनट में अमेरिका को बड़ा झटका लगा, जब वीएआर की मदद से समीक्षा के बाद बालोगुन को रेड कार्ड दिखा दिया गया। इसके बाद अमेरिका को लगभग आधे घंटे तक 10 खिलाड़ियों के साथ खेलने के लिए मजबूर होना पड़ा।

क्रिश्चियन पुलिसिक का गोल हुआ रद्द

एक खिलाड़ी कम होने के बावजूद अमेरिका ने शानदार संयम दिखाया और विरोधी टीम को बराबरी का कोई मौका नहीं दिया। मैच के अंतिम चरण में मलिक टिलमैन ने फ्री-किक पर बेहतरीन गोल दागकर टीम की बढ़त 2-0 कर दी। इससे पहले क्रिश्चियन पुलिसिक का एक गोल भी ऑफसाइड के कारण रद्द कर दिया गया था।

यह फीफा वर्ल्ड कप के नॉकआउट चरण में किसी यूरोपीय टीम के खिलाफ अमेरिका की महज दूसरी जीत है। इसके साथ ही टीम ने यूरोपीय देशों के खिलाफ चले आ रहे 12 मैचों के हार के सिलसिले को भी खत्म कर दिया। पिछले चार वर्ल्ड कप में यह चौथी बार है, जब अमेरिका अंतिम-16 तक पहुंचा है।

अब मुख्य कोच मौरिसियो पोचेटिनो की टीम 7 जुलाई को सिएटल स्टेडियम में राउंड ऑफ 16 के मुकाबले में बेल्जियम से भिड़ेगी। अगर अमेरिका यह मुकाबला जीतता है, तो वह 2002 के बाद पहली बार और आधुनिक दौर में सिर्फ दूसरी बार फीफा वर्ल्ड कप के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने में सफल होगा।