
नई दिल्ली। दिल्ली डायनामोज ने पुणे सिटी के खिलाफ जीत से हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के चौथे सीजन की धमाकेदार शुरुआत की थी, लेकिन इसके बाद वह अपने लय से भटक गई। उसने सात मैच खेले, जिनमें से लगातार छह गंवाए और एक ड्रॉ किया। इस खराब प्रदर्शन के कारण दिल्ली की टीम 10 टीमों की अंक तालिका में सबसे नीचे है। ऐसे में दिल्ली के पास अब भी अच्छा प्रदर्शन कर वापसी करने का अवसर है और इसकी शुरुआत वह आज केरला ब्लास्टर्स के खिलाफ घरेलू मैदान पर होने वाले मुकाबले से कर सकती है।
दोनों ही टीमों ने किया है निराश
दिल्ली की तरह केरला ब्लास्टर्स ने भी इस सीजन में काफी निराशाजनक प्रदर्शन किया है। इसकी हालत कुछ बेहतर है और यह तालिका में आठवें स्थान पर है। दोनों की भिड़ंत जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में होगी। खराब प्रदर्शन से निराश केरल की टीम को अपना कोच तक बदलना पड़ा और अब इसे प्रशिक्षित करने की जिम्मेदारी डेविड जेम्स के हाथों में है। जेम्स के सामने अपनी टीम को जीत की पटरी पर लौटना है और इसकी शुरुआत वह दिल्ली में करना चाहेंगे।
बीते संस्करणों में अंतिम चार में जगह बनाई है केरला ने
दिल्ली टीम का खेल बिल्कुल खराब नहीं है। उसने गेंद को काफी समय तक अपने पास रखा है और उसकी पासिंग भी अच्छी है, लेकिन परिणाम अपेक्षित नहीं होने से उसके प्रशंसक काफी निराश हैं। केरल को लीग में थोड़ी देरी से खिलने वाली टीम के रूप में जाना जाता है। इस टीम ने निगेटिव गोल अंतर के बाद भी बीते संस्करणों में अंतिम चार में जगह बनाई है। बीते सप्ताह जेम्स के पहले मैच में पुणे सिटी के खिलाफ एक तरह का डायरेक्ट अप्रोच देखा गया था और जेम्स ने अपनी रणनीति के साथ संतुलन नहीं बना पाने वाले दिमितार बेर्बातोव को भी बाहर कर दिया था।
लीग में संघर्ष कर रही हैं दोनों टीम
आज जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में दो ऐसी टीमों के बीच सामना होने जा रहा है, जो इस समय लीग में संघर्ष कर रही हैं जबकि लीग अपना आधा सफर तय करने की कगार पर है। ऐसे में दोनों टीमों पर दबाव है। अब इस तरह के हालात मे जो टीम अच्छा नहीं खेलेगी, उसके लिए 90 मिनट के खेल के बाद हालात काफी तकलीफदेह होंगे।
Published on:
10 Jan 2018 11:48 am
