13 फ़रवरी 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

ब्राजील के स्टार फुटबॉलर नेमार हुए चोटिल, नहीं खेलेंगे विश्व कप क्वालीफायर मैच

ब्राजील के स्‍टार फुटबॉलर नेमार जांघ की चोट के चलते विश्व कप क्वालीफायर मैचों में कोलंबिया और अर्जेंटीना के खिलाफ नहीं खेलेंगे। ब्राजीलियाई फुटबॉल महासंघ के साथ खुद नेमार ने इस बात की पुष्टि की है।

2 min read
Google source verification

भारत

image

lokesh verma

Mar 15, 2025

नेमार जांघ की चोट के कारण ब्राजील के विश्व कप क्वालीफायर मैचों में कोलंबिया और अर्जेंटीना के खिलाफ नहीं खेल पाएंगे। ब्राजीलियाई फुटबॉल महासंघ ने उनके नहीं खेलने की पुष्टि की है। 33 वर्षीय नेमार अक्टूबर 2023 से घुटने की चोट के कारण ब्राजील के लिए नहीं खेले हैं। न्यूज एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, उनकी जगह युवा रियल मैड्रिड खिलाड़ी एंड्रिक को टीम में शामिल किया गया है।

नेमार ने फैंस के लिए किया ये पोस्‍ट

नेमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर लिखा कि वापसी बहुत करीब लग रही थी, लेकिन दुर्भाग्यवश मैं फिलहाल इस खास जर्सी को पहन नहीं पाऊंगा। उन्होंने आगे कहा कि हमने लंबी बातचीत की और सभी को मेरी वापसी की इच्छा के बारे में पता है, लेकिन हमने तय किया कि कोई जोखिम न लिया जाए और पूरी तरह ठीक होने के बाद ही मैदान पर वापसी करूं।

पांच बार की विश्व चैंपियन ब्राजील अपने ग्रुप में 5वें नंबर पर

ब्राजील 20 मार्च को ब्रासीलिया में कोलंबिया से और पांच दिन बाद ब्यूनस आयर्स में अर्जेंटीना से भिड़ेगा। बता दें कि पांच बार की विश्व चैंपियन ब्राजील की टीम 12 मैचों में 18 अंकों के साथ 10 टीमों के दक्षिण अमेरिकी ग्रुप में पांचवें स्थान पर है। वहीं, अर्जेंटीना 25 अंकों के साथ पहले स्थान पर है।

सैंटोस लौटने के बाद से नेमार ने किया अच्छा प्रदर्शन

जनवरी में अल-हिलाल को छोड़कर अपने पहले क्लब सैंटोस लौटने के बाद से नेमार ने अच्छा प्रदर्शन किया है। सात मैचों में उन्होंने तीन गोल किए हैं, जिनमें एक शानदार कॉर्नर से सीधा गोल भी शामिल है। साथ ही उन्होंने तीन गोलों में सहयोग भी दिया है।

एंड्रिक ने ब्राजील के लिए 13 मैचों में दागे तीन गोल  

सीबीएफ ने यह भी घोषणा की कि लियोन के गोलकीपर लुकास पेरी और फ्लेमेंगो के डिफेंडर एलेक्स सैंड्रो को मैनचेस्टर सिटी के एडर्सन और फ्लेमेंगो के डिफेंडर दानीलो की जगह ब्राजील की टीम में लिया गया है। एंड्रिक, जो अब तक ब्राजील के लिए 13 मैच खेल चुके हैं और तीन गोल दाग चुके हैं, इस सीजन में रियल मैड्रिड के लिए 28 मैचों में छह गोल कर चुके हैं।