
ईरान फुटबॉल टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच के लिए अमेरिका पहुंच गई है। (photo - FIFA)
Iran, FIFA World Cup 2026: फीफा वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप जी में ईरान का मुकाबला न्यूजीलैंड से होगा। इस मैच के लिए ईरानी टीम अमेरिका पहुंच चुकी है। गौरतलब है कि ईरान और अमेरिका के बीच युद्ध चल रहा है, ऐसे में अमेरिका ने ईरान को प्रत्येक वर्ल्ड कप मैच से एक दिन पहले अमेरिका में आने की इजाजत दी है।
न्यूज एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, ईरानी टीम रविवार को मेक्सिको के तिजुआना स्थित अपने ट्रेनिंग बेस से लॉस एंजिलिस पहुंची। यह बेस अमेरिकी सीमा के ठीक पास है और मैच वाले स्टेडियम से लगभग 225 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। युद्ध शुरू होने के बाद ईरान का ट्रेनिंग कैंप अमेरिका से हटाकर मेक्सिको शिफ्ट कर दिया गया था। उसके बाद से टीम को लगातार कई रुकावटों और चुनौतियों का सामना करना पड़ा है।
ईरानी टीम का ए320 विमान दोपहर करीब 4:11 बजे लॉस एंजिलिस एयरपोर्ट पर लैंड हुआ। स्टेडियम एयरपोर्ट से महज 15 मिनट की दूरी पर है। टीम जिस होटल में ठहरी है, वहां पहले से ही पुलिस की भारी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। होटल के सामने सड़क के कुछ हिस्सों पर कंटीली तारें बिछाई गई हैं और साइडवॉक बंद कर दिए गए हैं।
कोच आमिर ग़लानोई और स्टार स्ट्राइकर मेहदी तारेमी आज शाम 6:45 बजे स्टेडियम में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। ईरान कल सोमवार रात को न्यूजीलैंड के खिलाफ अपना ग्रुप चरण का पहला मैच खेलेगा। अमेरिका-ईरान के बीच चल रही जंग और हाल ही में घोषित शांति समझौते की वजह से पूरा माहौल काफी तनावपूर्ण है।
ईरान ने पिछले महीने अपने बेस कैंप को अरिजोना से मेक्सिको स्थानांतरित कर दिया था, जब अमेरिका और इजराइल ने ईरान पर हमले शुरू कर दिए थे। दोनों देशों के बीच युद्ध समाप्त करने वाला औपचारिक शांति समझौता शुक्रवार को स्विट्जरलैंड में साइन होने वाला है। इसकी जानकारी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने सोशल मीडिया पर साझा की थी।
टीम के लॉस एंजेलिस पहुंचने के साथ ही स्टेडियम के पास प्रदर्शन भी हुआ। ईरानी मूल के लोगों ने लोकतंत्र की मांग करते हुए ईरानी सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कुछ प्रदर्शनकारियों ने उन एथलीट्स के पोस्टर भी दिखाए, जिन्हें गिरफ्तार किए जाने के बाद मौत हो गई थी।
Updated on:
15 Jun 2026 03:33 pm
Published on:
15 Jun 2026 03:33 pm
