
Saff Cup 2018: पाकिस्तान को रौंदते हुए फाइनल में पहुंचा भारत, मालदीव से होगी खिताबी भिड़ंत
नई दिल्ली। सैफ कप फुटबॉल टूर्नामेंट में भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ आज एक बार फिर अपनी श्रेष्ठता साबित कर दी है। बांग्लादेश में खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में पाकिस्तान को हराते हुए भारतीय फुटबॉल टीम ने फाइनल का टिकट कटा लिया है। सेमीफाइनल मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 3-1 के अंतर से मात दी। अब भारतीय फुटबॉल टीम का फाइनल में खिताबी मुकाबला मालदीव से होगा। भारत की ओर से आज के मैच में मनवीर सिंह ने दो गोल किए। जबकि भारत का तीसरा गोल सुमित पासी ने किया। पाकिस्तान की ओर से एक मात्र गोल हसन बशीर ने किया।
मालदीव से होगी खिताबी भिड़ंत-
सैफ कप 2018 का फाइनल मुकाबला भारत और मालदीव के बीच खेला जाएगा। बता दें कि आज ही खेले गए पहले सेमीफाइनल मुकाबले में मालदीव ने नेपाल को मात देकर फाइनल का टिकट पक्का किया था। पहले सेमीफाइनल में मालदीव के खिलाफ नेपाल की टीम कोई भी गोल नहीं कर सकी। जबकि मालदीव ने तीन शानदार गोल दागते हुए फाइनल का टिकट कटाया।
पहला हाफ गोल रहित समाप्त हुआ-
बांग्लादेश की राजधानी ढाका के बंगबंधु स्टेडियम में खेले गए इस होईप्रोफाइल सेमीफाइनल मुकाबले का पहला हाफ गोल रहित समाप्त हुआ। बारिश के कारण स्टेडियम में खिलाड़ियों को फिसलन की समस्या से दो-चार होना पड़ा। पहले हाफ की समाप्ति के समय दोनों ओर के कई खिलाड़ियों की जर्सी कीचड़ में सन चुकी थी। हालांकि दूसरे हाफ में भारत में ज्यादा आक्रमक रूख पकड़ते हुए पाकिस्तान पर ताबड़तोड़ हमले किेए। जिसका फायदा भी टीम को जल्द ही मिला।
सात बार की चैंपियन है भारतीय टीम-
सैफ कप में भारतीय फुटबॉल टीम का प्रदर्शन पहले के सीजनों में काफी अच्छा रहा है। अब तक भारतीय टीम सात बार इस चैंपियनशिप को जीतने में कामयाब हो सकी है। पिछले सीजन में भारत ने अफगानिस्तान को हराते हुए चैंपियन बनने का रूतबा हासिल किया था। अब देखना है कि इस बार फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम के सामने मालदीव कितनी मजबूत चुनौती दे पाता है।
Published on:
12 Sep 2018, 9:28 PM IST
बड़ी खबरें
View Allफुटबॉल
खेल
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.