
गाजियाबाद से लगाना है
गाजियाबाद के मोदीनगर इलाके में एक ऑटो पार्ट्स फैक्ट्री में बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया। क्रेन से उठाई जा रही भारी मशीन अचानक मजदूरों पर गिर पड़ी। इस दर्दनाक दुर्घटना में दो मजदूरों की मौके पर ही जान चली गई। जबकि दो अन्य की हालत नाजुक बनी हुई है।
मोदीनगर के निवाड़ी थाना क्षेत्र में स्थित केईजीएन ऑटोमोबाइल प्राइवेट लिमिटेड फैक्ट्री में सोमवार रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई। जब 20 टन वजनी एक मशीन मजदूरों पर गिर गई। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री परिसर में क्रेन की मदद से मशीन को एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाया जा रहा था। मशीन करीब 22 फीट की ऊंचाई तक पहुंची ही थी कि अचानक क्रेन का हुक टूट गया और मशीन नीचे खड़े मजदूरों पर आ गिरी।
हादसा इतना भीषण था कि आजाद (45) और शाहिद अंसारी (19) की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों मजदूर मशीन के नीचे बुरी तरह दब गए थे। सिर और चेहरा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया था। साथी कर्मचारियों ने किसी तरह क्रेन की मदद से मशीन हटाई और मजदूरों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
इस हादसे में अयान और सलीम गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के मुताबिक दोनों की हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है। घटना की खबर फैलते ही फैक्ट्री में बड़ी संख्या में लोग और मृतकों के परिजन पहुंच गए। शवों को फैक्ट्री परिसर में रखकर परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया। उनका आरोप था कि फैक्ट्री प्रबंधन की लापरवाही के चलते यह हादसा हुआ है। कर्मचारियों ने भी बताया कि क्रेन की बेल्ट और हुक पहले से ही कमजोर थे और कई बार शिकायत के बावजूद उन्हें बदला नहीं गया।
सूचना मिलने पर निवाड़ी थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। बाद में फैक्ट्री मालिक ने फोन पर परिजनों से बात कर दोनों मृत मजदूरों के परिवारों को 20-20 लाख रुपये मुआवजा देने का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन शांत हुए। करीब चार घंटे बाद पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
एसीपी मोदीनगर अमित सक्सेना ने बताया कि प्रथम दृष्टया क्रेन का हुक टूटने से हादसा हुआ है। परिजनों की शिकायत मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Published on:
16 Dec 2025 08:48 am
बड़ी खबरें
View Allगाज़ियाबाद
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
