
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
गाजियाबाद. जहां एक तरफ कोरोना लॉकडाउन (Corona Lockdown) के कारण लोगों के काम-धंधे पूरी तरह चौपट हो गए हैं। वहीं अब ऐसे बैंक से लोन (Bank Loan) लेने वाले लोगों को बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसा ही एक मामला थाना साहिबाबाद इलाके में सामने आया है। जहां एक शख्स ने थाना साहिबाबाद में बैंककर्मियों के खिलाफ एक तहरीर दी है। पीड़ित ने बताया कि ईएमआई (EMI) भरने में देरी होने पर बैंककर्मियों से लगातार धमकी मिल रही है। इतना ही नहीं बैंककर्मियों ने कुछ गुंडों को घर पर भेज दिया। उन्होंने घर के दरवाजे पर खड़े होकर शोर मचाते हुए उन्हें भद्दी-भद्दी गालियां दी और गंदे-गंदे कमेंट किए। यह घटना सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
दरअसल, साहिबाबाद इलाके की डीएलएफ कॉलोनी में रहने वाले कुमार चन्द्र भानू नाम के शख्स ने बताया कि उन्होंने कुछ समय पहले बैंक से लोन लिया था। वह अपनी ईएमआई लगातार समय पर जमा कर रहे थे, लेकिन कोरोना लॉकडाउन के कारण उनका काम-धंधा चौपट हो गया। इसके आर्थिक हालात भी खराब हो गए और घर चलाना भी मुश्किल हो गया। इसी वजह से बैंक लोन की किश्त भरने में भी देरी होने लगी। इसी बात को लेकर बैंक कर्मियों ने उनके साथ बदसलूकी करनी शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि उन्होंने जो लोन लिया था, वह कंपनी के नाम पर लिया था। लेकिन, बैंक की उगाही करने वाले गुंडे लोग उनके घर जा पहुंचे और उनकी पत्नी और बच्चों के साथ दुर्व्यवहार किया है। इतना ही नहीं उन्होंने गंदी-गंदी गालियां भी दी। उन्होंने इसकी शिकायत थाना साहिबाबाद में की है और पुलिस को घटना की सीसीटीवी फुटेज भी मुहैया कराई है। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कुमार चन्द्र भानू ने कहा कि अब वह इस पूरे मामले को लेकर आरबीआई की गाइडलाइन के तहत न्यायालय का दरवाजा भी खटखटाएंगे। बता दें कि लॉकडाउन के दौरान इसके अलावा ऐसे और भी अन्य कई मामले सामने आ रहे हैं। जहां बैंक के कर्मचारी उपभोक्ताओं को इस तरह से परेशान कर रहे हैं।
Published on:
30 May 2021 02:48 pm

बड़ी खबरें
View Allगाज़ियाबाद
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
