19 मई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

गाजियाबाद में रेप के आरोपी को जमानत मिलने पर निकाला रोड शो, वीडियो वायरल होने के बाद मचा बवाल, जांच में जुटी पुलिस

Ghaziabad News: गाजियाबाद में रेप के आरोपी सुशील प्रजापति को जमानत मिलने पर समर्थकों ने जेल के बाहर फूलों की माला पहनाकर रोड शो निकाला। इस स्वागत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद भारी गुस्सा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

2 min read
Google source verification
Ghaziabad Rape Accused Roadshow

photo x

Ghaziabad Rape Accused Roadshow: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां बलात्कार के एक आरोपी को जेल से जमानत मिलने पर उसके समर्थकों ने जेल के बाहर ही उसका जोरदार स्वागत किया और गाड़ियों का काफिला निकालकर रोड शो किया। इस जश्न का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों में भारी गुस्सा है और इस पर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

फूलों की माला और नारेबाजी के साथ हुआ स्वागत

मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी की पहचान सुशील प्रजापति के रूप में हुई है, जो हिंदू युवा वाहिनी की एक इकाई का पूर्व नगर अध्यक्ष रह चुका है। लगभग 9 महीने जेल में रहने के बाद रविवार, 17 मई को उसे अदालत से जमानत मिली।

शक्ति प्रदर्शन करते हुए रोड शो निकाला

जैसे ही सुशील प्रजापति जेल से बाहर आया, वहां पहले से मौजूद उसके समर्थकों ने उसे फूलों की मालाएं पहनाईं और उसके समर्थन में जमकर नारेबाजी की। इसके बाद समर्थकों ने उस पर फूल बरसाए और गाड़ियों के एक बड़े काफिले के साथ सड़क पर शक्ति प्रदर्शन करते हुए रोड शो निकाला। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अब इंटरनेट पर वायरल हो रहा है।

कोर्ट में चैंबर दिलाने के बहाने रेप का है आरोप

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी सुशील प्रजापति के खिलाफ मोदीनगर की रहने वाली कानून LLB की एक छात्रा ने 8 अगस्त 2025 को मुरादनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता का आरोप था कि सुशील प्रजापति ने उसे गाजियाबाद कोर्ट में चैंबर दिलाने और वकालत की प्रैक्टिस में मदद करने का झांसा दिया था।

आरोप के मुताबिक, सुशील पीड़िता को अपनी थार गाड़ी में एक फ्लैट पर ले गया, जहां कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर उसके साथ बलात्कार किया। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया था कि आरोपी ने किसी को बताने पर उसे जान से मारने की धमकी दी थी और सड़क किनारे छोड़कर भाग गया था।

25 हजार का इनामी था आरोपी

शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने सुशील प्रजापति पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था और 11 अगस्त 2025 को उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा था। पिछले साल उसकी गिरफ्तारी के समय भी उसके समर्थकों ने थाने पर जमकर हंगामा किया था। अब जमानत के बाद हुए इस रोड शो पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी सुरेंद्र नाथ तिवारी का कहना है कि वायरल वीडियो पुलिस के संज्ञान में आ चुका है। इस मामले की पूरी गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच के बाद जो भी जरूरी कानूनी कार्रवाई होगी, वो की जाएगी।

बड़ी खबरें

View All

गाज़ियाबाद

उत्तर प्रदेश

ट्रेंडिंग