
Flood News: बाढ़ प्रभावित परिवारों की मदद को आगे आईं ये महिला IAS अधिकारी, राहत सामग्री के बांट रहीं सेनेटरी पैड
Flood News: इस समय दिल्ली सहित आसपास के जिलों में जोरदार बारिश से बाढ़ आई है। जिससे बाढ़ प्रभावित इलाकों में लोगों को परेशानी हो रही है। बारिश अभी भी थमी नहीं है। सोमवार को कई इलाक़ों में ज़ोरदार बारिश हुई। इससे दिल्ली सहित आसपास के जिलों में यमुना के जलस्तर में पहले की अपेक्षा कुछ कमी ज़रूर हुई है। लकिन लोगों से अपील की है कि वे अभी राहत कैम्पों में ही रहें। राहत कैम्पों में बुनियादी सुविधाओं का टोटा है। केंद्र और राज्य सरकार के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर ज़ारी है। इन दो पाटों के बीच आम जनता है। लोगों को भर-पेट खाने के लाले हैं। महिलाओं के शौचालय की व्यवस्था दयनीय है। बीमारों के इलाज के लिए कोई ढंग की व्यवस्था नहीं है।
ऐसे में एक बार फिर लोग दिल खोल कर मदद को आगे आए हैं। यमुना से सटे इलाक़ों में आज सर्व हितम् मानव सेवा संस्थान के बैनर तले दिल्ली की निवासी और त्रिपुरा भवन की रेज़िडेंट कमिशनर सोनल गोयल IAS ने राहत सामग्री बाँटीं। IAS सोनल गोयल ने बताया कि सोशल मीडिया के माध्यम से इन ग़ैर-सरकारी संगठनों ने सहयोग के लिए उनसे सम्पर्क किया। अपने प्रयासों की जानकारी दी। जिसके बाद उन्होंने अपनी व्यक्तिगत क्षमता से जो सहयोग बन सकता है, करने का निश्चय किया।
राहत सामग्री बाँट रहे नरेश पाल ने बताया कि आईएएस सोनल गोयल के सहयोग से करीब दो सौ से अधिक लोगों को खाने-पीने की चीज़ें जैसे दाल, चावल, सत्तू, चीनी, नामक आदि के पैकेट और इसके साथ ही महिलाओं को सेनेटरी पैड बाँटे गए हैं।
IAS सोनल गोयल ने बताया कि उन्होंने यहाँ घूम-घूमकर कई लोगों से बात की है। इनमें बच्चे, बुज़ुर्ग और महिलाएँ भी शामिल हैं। महिलाओं के लिए सबसे बड़ी समस्या शौचालय की है। इतनी बड़ी आबादी के लिए गिने-चुने शौचालय हैं। जिसे महिला-पुरुष दोनों उपयोग करते हैं। मुश्किल दिनों में गंदे शौचालयों के इस्तेमाल से महिलाओं को इंफ़ेक्शन और बीमारी होने का ख़तरा बढ़ता है। इसलिए हमने महिलाओं को सेनेटरी पैड भी दिए हैं ताकि मुश्किल दिनों में उनकी परेशानी कुछ कम हो सके।
मौसम विभाग की माने तो आने वाले दिनों में दिल्ली में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। ऐसे में लोगों को अभी कई और दिन कैम्पों में रहना पड़ सकता है। ऐसे में ज़रूरत है कि ज़्यादा से ज़्यादा लोग मदद को आगे आएँ ताकि मुश्किलों से जूझ रहे इन परिवारों को कुछ राहत मिल सके।
Published on:
19 Jul 2023 02:53 pm
बड़ी खबरें
View Allगाज़ियाबाद
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
