
Breaking- बेटे के लिए इंसाफ मांगने गई मां से थानाप्रभारी ने कहा- सुसाइड कर लो, महिला ने खाया जहर
गाजियाबाद। थाना कविनगर इलाके में एक महिला ने थाना प्रभारी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। वहां पर स्थित सेंट मेरी स्कूल में पढ़ने वाले बच्चे के अभिभावक कविनगर थाने में स्कूल की टीचर्स के खिलाफ मामला दर्ज कराने पहुंचे थे। आरोप है कि वहां मौजूद थाना अध्यक्ष ने शिकायत पर कोई ध्यान नहीं दिया। आखिर में परेशान होकर बच्चे की मां ने कहा कि यदि उनकी सुनवाई नहीं होती है तो वह यहीं पर सुसाइड कर लेंगी। आरोप है कि इस पर थानाध्यक्ष ने गुस्से में कह दिया कि यदि सुसाइड करना है तो अपने घर जाकर करो। उन्हें इससे कोई मतलब नहीं है।
घर जाकर खा लिया जहरीला पदार्थ
थाना अध्यक्ष की बात से क्षुब्ध होकर महिला अपने घर पहुंची और जहरीला पदार्थ खा लिया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। महिला ने जहरीला पदार्थ खाने से पहले एक सुसाइड नोट भी लिखा है। इसमें उन्होंने स्कूल की चार टीचर्स के अलावा थानाध्यक्ष कवि नगर और शास्त्री नगर चौकी इंचार्ज को इसका जिम्मेदार बताया है। जैसे ही महिला की हालत बिगड़ी तो उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सेंट मैरी में पढ़ता है बच्चा
थाना कवि नगर इलाके में रहने वाले मनोज सचान का पांच साल का बेटा शास्त्री नगर स्थित सेंट मैरी पब्लिक स्कूल में पढ़ता है। वह पढ़ने में भी काफी होशियार बताया जा रहा है। बच्चे की मां आरती सचान का कहना है कि उसके बच्चे के साथ स्कूल में ठीक रवैया अख्तियार नहीं किया जा रहा है। इस मामले में बच्चे के माता-पिता ने कई बार टीचर और प्रिंसिपल से मिलने का प्रयास किया लेकिन उन्हें मिलने नहीं दिया गया। इसकी कई बार लिखित में भी शिकायत दी जा चुकी है। आरती और उनके पति मनोज सचान का कहना है कि उनके बच्चे को लगातार टॉर्चर किया जा रहा है। इससे परेशान होकर बुधवार को आरती और वह खुद थाना कविनगर में स्कूल की टीचरों के खिलाफ तहरीर देने पहुंचे।
पुलिस ने की बदसलूकी
इस दौरान थाना अध्यक्ष के मौजूद होने के बाद भी उनकी बात पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। आरोप है कि थानाध्यक्ष द्वारा उनके साथ बदसलूकी भी की गई। आरती सचान ने बताया कि जब उनकी बात नहीं सुनी गई ताे उन्होंने कहा कि अब उनके पास सुसाइड करने के अलावा और कोई रास्ता नहीं है। वह यहीं सुसाइड करेंगी। आरोप है कि इसके बाद थानाध्यक्ष ने कहा कि सुसाइड करना है, तो अपने घर जाकर कीजिए। उससे उन्हें कोई फर्क पड़ने वाला नही है। उन्हें थाने से भाग जाने के लिए भी कह दिया गया। यदि ज्यादा परेशानी है तो अपने बच्चे को स्कूल से निकलवा लीजिए।
महिला ने लिखा सुसाइड नोट
इसके बाद थानाध्यक्ष की बात से नाराज होकर आरती घर पहुंची। उन्होंने स्कूल की चार अध्यापिकाओं और थाना अध्यक्ष कवि नगर एवं चौकी इंचार्ज शास्त्री नगर को अपनी मौत का जिम्मेदार बताते हुए सुसाइड नोट लिखा। इसके बाद उन्होंने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर आनन-फानन में उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस मामले में एसपी सिटी श्लोक कुमार का कहना है कि इस तरह का मामला सामने आया है। यह जांच का विषय है। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
Published on:
31 Jan 2019 03:35 pm
बड़ी खबरें
View Allगाज़ियाबाद
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
