
Lok Sabha Speaker Om Birla : दिल्ली से सटे गाजियाबाद में पिछले 10 साल से बिस्तर पर पड़े रहकर जिंदगी के लिए मौत से जूझ रहे एक व्यक्ति की लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने मदद की है। बताया जा रहा है कि पीड़ित एक गंभीर बीमारी से ग्रसित हैं और पिछले दस साल से बिस्तर पर ही हैं। उनका एम्स में उपचार किया गया, लेकिन जब ऑपरेशन की बारी आई तो तारीख नहीं मिल सकी। इससे आहत पीड़ित ने राष्ट्रपति से इच्छा मृत्यु की मांग कर डाली, लेकिन अब अचानक ही उन्हें लोकसभा अध्यक्ष का फोन आने के बाद इलाज की उम्मीद जग गई है। इससे उनके परिवार के लोग भी अब खुश हैं। उन्होंने इसके लिए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला का शुक्रिया अदा किया है।
जानकारी के अनुसार, गाजियाबाद के कस्बा निवाड़ी के वार्ड संख्या-6 मोबाइल टावर परिसर में रहने वाले पिंटू त्यागी एक बीमारी से ग्रसित हैं। उन्होंने अपना एक ऑपरेशन भी कराया, लेकिन ऑपरेशन सफल नहीं हो सका। उसके बाद पिंटू के परिजन लगातार एम्स हॉस्पिटल में उनका उपचार करा रहे थे। पिंटू के भाई धर्मेंद्र त्यागी ने बताया कि पिंटू के उपचार के लिए 15 ओपीडी भी कराई गई हैं, लेकिन ऑपरेशन की डेट नहीं दी जा रही है। इस कारण पिंटू की परेशानी और बढ़ने लगी। पिंटू को लगा कि एम्स में ऑपरेशन की डेट नहीं मिल रही है तो अब उसका मर जाना ही ठीक है। इसलिए पिंटू ने खुद राष्ट्रपति के नाम पत्र लिखकर इच्छा मृत्यु की मांग की।
लोकसभा अध्यक्ष ने दिया हर संभव मदद का भरोसा
धर्मेंद्र त्यागी ने बताया कि राष्ट्रपति को पत्र लिखने के बाद अचानक पिंटू के मोबाइल पर एक फोन आया। पिंटू से कहा गया कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला आपसे बात करेंगे। जैसे ही पिंटू ने यह सुना तो उसकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा और उसे दोबारा जीने की उम्मीद जाग उठी। ओम बिरला ने पिंटू को उपचार हर संभव मदद का भरोसा दिया है।
ओम बिरला का फोन आने पर बोला- अब जीना चाहता हूं
गाजियाबाद के सीएमओ डॉ. भवतोष शंखधर ने अब एम्स अस्पताल के निदेशक को पत्र लिखकर युवक का इलाज करने का आग्रह किया है। बहरहाल लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला का फोन आने के बाद पिंटू त्यागी एवं उसके घर वाले बेहद खुश नजर आ रहे हैं। पिंटू ने खुद कहा कि अब वह और भी जीना चाहता है। उधर, लोकसभा अध्यक्ष को बार-बार धन्यवाद बोलता नहीं थक रहा है।
Published on:
17 Sept 2022 01:05 pm
बड़ी खबरें
View Allगाज़ियाबाद
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
