
सांकेतिक फोटो सोर्स पत्रिका
उत्तराखंड घूमने आए गाजियाबाद के एक परिवार की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं। जब उनकी XUV कार मल्ला रामगढ़ के पास गहरी खाई में गिर गई। दर्दनाक हादसे में मामा और भांजी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि परिवार के छह सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
गाजियाबाद से नैनीताल और मुक्तेश्वर घूमने पहुंचे परिवार के आठ लोग देर रात वापसी के दौरान हादसे का शिकार हो गए। जानकारी के मुताबिक, शिवपुरी सेक्टर, न्यू विजय नगर के रहने वाले सचिन अपने भाई-बहन और उनके बच्चों के साथ XUV-700 से लौट रहे थे। मल्ला रामगढ़ के गागर क्षेत्र में अचानक कार अनियंत्रित हो गई। बताया जा रहा है कि सचिन ने कार को संभालने के लिए जोर से ब्रेक मारी, लेकिन गाड़ी फिसलकर करीब 100 मीटर नीचे खाई में जा गिरी।
खाई में गिरने की तेज आवाज और चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस व SDRF को सूचना दी। कुछ ही देर में भवाली कोतवाली पुलिस और SDRF की टीम घटनास्थल पर पहुंची और मुश्किल हालात में रेस्क्यू अभियान शुरू किया। अंधेरा और पहाड़ी रास्ता होने के बावजूद सभी घायलों को सावधानी से बाहर निकाला गया।
सभी को तुरंत रामगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने सचिन और उनकी 12 वर्षीय भांजी लक्ष्मी को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों—नितिन (32), रुचि (35), कंचन (26), शमा (8), निष्ठा (14) और लवीया (7)—की हालत गंभीर बताई जा रही है। तीन की हालत ज्यादा नाजुक होने पर उन्हें हल्द्वानी स्थित STH अस्पताल रेफर किया गया।
भवाली कोतवाल प्रेम मेहरा के अनुसार, सूचना मिलते ही SDRF की टीम SI मनीष भाकुनी के नेतृत्व में मौके पर भेजी गई थी। टीम ने रातभर चले अभियान में सभी घायलों को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया। परिवार के लिए यह छुट्टी का सफर एक दिल दहला देने वाली त्रासदी बन गया।
Published on:
10 Dec 2025 04:51 pm
बड़ी खबरें
View Allगाज़ियाबाद
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
